चारदीवारी नहीं होने से मवेशियों की सैरगाह बना स्कूल परिसर
बोहत| सीमली ग्राम पंचायत का सांकली गांव स्थित प्राथमिक स्कूल चारदीवारी नहीं होने से कई समस्याओं से घिरा हुआ है। ग्रामीणों व प्रबंधक समिति की ओर से मांग करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष हेमराज मेघवाल व सदस्य दयाराम मालव, महावीर मालव ने बताया कि स्कूल में चारदीवारी नहीं होने से परिसर में गंदगी का साम्राज्य है। ग्रामीणों ने परिसर में होकर ही रास्ता बना रखा है। शौचालय के दरवाजे भी तोड़ दिए। अंधेरे में शौच भी कर जाते हैं। गांव की नालियाें का गंदा पानी भी स्कूल परिसर में जमा रहता है। जिससे बच्चों में बीमारी फैलने का अंदेशा है। ग्रामीण कृषि उपकरणों को भी स्कूल परिसर में ही रखते हैं। स्कूल की दुर्दशा देखकर कई ग्रामीणों ने तो अपने बच्चों को पढ़ने के लिए बाहर भेज दिया है। गत वर्ष स्कूल की एसएस समिति ने सर्व शिक्षा अभियान व ज़िला परिषद को यह समस्या बताई थी, लेकिन अभी तक चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति नहीं मिली है।
बोहत. सांकली के स्कूल में चारदीवारी नहीं होने से परिसर में विचरण करते मवेशी।