पॉलिटिकल रिपोर्टर | रांची/बोकारो
दल-बदल मामले में स्पीकर के ट्रिब्यूनल में पेश होने से चंद घंटे पहले पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी गंभीर रूप से बीमार हो गए। उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इधर, सुनवाई का समय पूरा हुआ, उधर मंत्री स्वस्थ्य होकर घर चले गए। इस पर स्पीकर ने कहा कि दिल को मजबूत और न्यायाधिकरण को फेस करना चाहिए।
मंत्री को शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे स्पीकर डॉ. दिनेश उरांव के न्यायाधिकरण में पेश होना था। सुबह 11:30 बजे उन्होंने सीने में दर्द, ब्लड प्रेशर और चक्कर आने की शिकायत की। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। 4:30 बजे न्यायाधिकरण में सुनवाई समाप्त हुई और 5:30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें नाॅर्मल बताते हुए छुट्टी दे दी। वे लगातार तीसरी बार न्यायाधिकरण में नहीं आए। अगली सुनवाई के लिए आठ जून की तिथि तय की गई है।
डॉक्टरों ने कहा-सभी रिपोर्ट नाॅर्मल
अस्पताल से बाहर आते बाउरी।
बाउरी को बीजीएच के आईसीयू में बेड नंबर 83 पर भर्ती किया गया। करीब आधा दर्जन डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी और एक्सरे के साथ कुछ जांच की। डॉक्टरों ने सभी रिपोर्ट नॉर्मल होने की पुष्टि की। उन्हें पांच दिन एंटीबायोटिक दवा खाने की सलाह देकर शाम पांच बजे छोड़ दिया गया। जब डॉक्टर से पूछा गया कि सभी रिपोर्ट नॉर्मल हैं तो इलाज किसका हो रहा है। इस पर एक डॉक्टर ने कहा-ज्यादा भागदौड़ की वजह से इनका ब्लड प्रेशर 150/90 हो गया था। इस वजह से उन्हें बेचैनी होने के कारण चक्कर आ रहा था।
स्पीकर बोले : दिल को मजबूत और न्यायाधिकरण को फेस करें
प्रतिपक्ष का कोई गवाह पहली तिथि पर नहीं आया
झाविमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए छह विधायकों के दल-बदल मामले की सुनवाई स्पीकर के न्यायाधिकरण में चल रही है। प्रतिपक्ष की ओर से एक भी गवाह पहली तिथि को पेश नहीं हुआ। स्पीकर ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। भविष्य में इसका ख्याल रखें। न्यायाधिकरण के भी बहुत सारे आदेश होते हैं, उनका पालन करना चाहिए। शुक्रवार को मंत्री अमर बाउरी को भी न्यायाधिकरण में अपना पक्ष रखने के लिए आना था। लेकिन, यह लगातार तीसरा मौका था जब वे निर्धारित तिथि को न्यायाधिकरण में नहीं आए। वे भी आरोपी विधायकों में शामिल हैं। उनके अधिवक्ता ने न्यायाधिकरण को बताया कि बाउरी बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। अधिवक्ता ने साक्ष्य के तौर पर उनकी अस्पताल में बेड पर भर्ती फोटो भी स्पीकर को सौंपा। अधिवक्ता की ओर से यह भी कहा गया कि सुनवाई की अगली डेट तक उनकी तबियत भी ठीक हो जाएगी। यह दल-बदल मामले में 47 वीं सुनवाई थी।