पाकुड़ की दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की की शुक्रवार को यहां बीजीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। नौवीं की इस छात्रा को चार मई को दो युवकों ने दुष्कर्म के बाद केरोसिन छिड़ककर जला दिया था। वह 70 फीसदी से अधिक झुलस गई थी। पहले उसे पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बोकारो रेफर कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी बच्चन मंडल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक अन्य फरार है। पीड़िता के मामा ने दुष्कर्मियों को फांसी देने की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि बच्चन मंडल और एक अन्य ने उसका हाथ-मुंह बांधकर दुष्कर्म किया। फिर केरोसिन डालकर आग लगा दी और फरार हो गए। वह पाकुड़ में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। मामा ने बताया कि घटना सुबह 10 बजे हुई। वह दुकान पर था, तभी घर से चिल्लाने की आवाज आई। वहां पहुंचे तो देखा कि उनकी भांजी बाथरूम में जल रही थी।