सतनपुर में 50 लाख से बनेगा नया हेल्थ सबसेंटर
गांव में जमीन चिह्नित करने का काम शुरू
गांव की 20 हजार की आबादी होगी लाभान्वित
सिटी रिपोर्टर | बोकारो
सतनपुर पंचायत में पचास लाख रुपए की लागत से हेल्थ सब सेंटर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जमीन चिह्नित करने का काम शुरू किया गया है। इस सब सेंटर को आठ महीने में ही बनाकर हैंड ओवर करना है। इसके बनने से आसपास की लगभग बीस हजार की आबादी लाभान्वित होगी। सतनपुर के लोगों को इलाज के लिए पांच से सात किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ती थी। या तो इन्हें अनुमंडल या फिर सीधे सदर अस्पताल में जाना पड़ता था।
2017 में ही हो चुका है टेंडर
यहां सबसेंटर बनाने का टेंडर वर्ष 2017 में ही हजारीबाग भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर हो चुका है। पचास लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र को आठ माह में ही पूरा होना है। पर विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण अभी तक इसका काम शुरू नहीं हो पाया है। जबकि टेंडर में शामिल उस समय के भवन प्रमंडल के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता रिटायर भी हो चुके हैं। मगर अफसरों ने कभी इस आेर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी। इस कारण यह लटका रहा।
यह हो रही है
परेशानी
गांव के मरीजों को इलाज के लिए पांच से सात किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है जब उन्हें अपने बच्चे का टीकाकरण कराने या बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए गांव से पांच से सात किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। गांव से जाने के लिए भी कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पाता।