सरकार की वादाखिलाफी से ठगा हुआ महसूस कर रहीं सेविकाएं: विमला देवी
झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के निर्देश पर मंगलवार को संघ की बोकारो जिला शाखा ने डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इससे पहले संघ की सदस्य सेक्टर दो स्थित सीडीपीओ कार्यालय से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंची। संघ की सदस्यों ने 11 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष विमला देवी ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की वादा खिलाफी से सेविकाएं अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 20 से 25 मई तक सभी मंत्री, सांसद व विधायक आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 30 मई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
प्रदर्शन के बाद 11 सूत्री मांग पत्र के साथ सात सूत्री स्थानीय मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा गया। इस मौके पर मुख्य रूप से कुमकुम कुमारी, मंजू कुमारी गुप्ता, बबीता कुमारी, सरस्वती देवी, फूलकुमारी देवी, कुंती देवी, जानकी देवी, मंटू नायक, मेनका देवी आदि थीं।
प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की सदस्याएं।