- Hindi News
- National
- दो हजार से अधिक मतदान कर्मी गोमिया में करवाएंगे निष्पक्ष चुनाव, बोकारो में इन्हें दिया गया प्रशिक्षण, तैयारियों पर चर्चा
दो हजार से अधिक मतदान कर्मी गोमिया में करवाएंगे निष्पक्ष चुनाव, बोकारो में इन्हें दिया गया प्रशिक्षण, तैयारियों पर चर्चा
गोमिया विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को मतदान की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दो पालियों में दिया गया। जिला प्रशासन ने शहर के एचएससीएल क्लब सेक्टर वन, बीएसएल प्लस टू उच्च विद्यालय सेक्टर दो एवं कला संस्कृति चास प्रखंड में दिया गया। विधानसभा उप निर्वाचन का चुनाव 28 मई को होना है। इस चुनाव में लगभग 2,130 मतदान कर्मियों को लगाया जाएगा।
मंगलवार को उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल ने मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी मतदान कर्मी निर्भय होकर इस विधानसभा उप चुनाव को निष्पक्ष रूप से सफलता पूर्वक संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि सभी क्लस्टरों में मतदान कर्मियों के लिए जिला प्रशासन के द्वारा मूलभूत सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों में भी शौचालय, बिजली, पानी, रैंप की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान डीपीएलआर सह नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग एसएन उपाध्याय, जिला शिक्षा पदाधिकारी महीप कुमार सिंह, आवासीय दंडाधिकारी मेनका, जिला शिक्षा अधीक्षक वीणा कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रवि कुमार मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे।
गोमिया विधानसभा उप चुनाव के लिए पहुंचे व्यय प्रेक्षक, चुनावी खर्च पर रखेंगे नजर
सिटी रिपोर्टर | बोकारो
गोमिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रतिनियुक्त किए गए व्यय प्रेक्षक श्रवण कुमार बंसल (भारतीय राजस्व सेवा) सोमवार को बोकारो पहुंचे। व्यय प्रेक्षक बंसल बोकारो निवास होटल, 26, नर्मदा, बी-ब्लाक में ठहरे हुए है। उनका मोबाइल नंबर 6203947894 तथा मिलने का समय सुबह 10 से 11 बजे तक निर्धारित है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर नियंत्रण के लिए व्यय प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाती है। इसमें विभिन्न टीम यथा एफएसटी, एसएसटी, भीएसटी, वीवीटी एकाउंटिंग टीम का गठन किया गया है, जो चुनावी खर्च पर नजर रखेगी।
व्यय प्रेक्षक का स्वागत करते अधिकारी।
प्रशिक्षण में शामिल मतदान कर्मी।
प्रशिक्षण देते डीसी व अन्य पदाधिकारी।
उपचुनाव में आजसू, भाजपा व झामुमो ने झोंकी पूरी ताकत
भास्कर न्यूज | बेरमो
गोमिया विधानसभा उपचुनाव में आजसू व भाजपा का दोस्ताना संघर्ष तथा झामुमो व उनके समर्थक दलों का प्रयास तेज हो गया है। सभी अपने अपने तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आजसू ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा पर लिया है। यही कारण है कि आजसू नेता सह झारखंड सरकार के मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी यहां कैंप कर रहे हैं। इधर झामुमो अपने संयुक्त समर्थक दलों से सहयोग लेकर अपनी एकता दिखाने का प्रयास कर रही है। झामुमो जनता को यह दिखाने में लगा है कि भाजपा व आजसू ने यहां चुनाव थोपा है। वे यह बताने में लगे हैं कि कोयला चोरी के मामले में योगेंद्र महतो निर्दोष थे।
बबीता देवी ने क्षेत्र का दौरा कर मतदान की अपील की
ललपनिया | विपक्ष की साझा प्रत्याशी बबीता देवी ने गोमिया विधानसभा क्षेत्र के महुआटांड़ व ललपनिया क्षेत्र के दर्जनों गांवों में दौरा कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके पति पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। इसका जवाब जनता 28 मई को देगी। उनके पति व पूर्व विधायक ने तीन साल के दौरान गोमिया विधानसभा क्षेत्र में कई विकास योजनाएं धरातल पर उतारी हैं। कुछ काम अधूरे हैं। जिन्हें पूरा करने के लिए झामुमो को मौका दें। क्षेत्र में विकास से भाजपा व आजसू दोनों पार्टी घबरा गई है। यह उपचुनाव भाजपा व आजसू के कारण हो रही है। इनको सबक सीखाने की जरूरत है।
उग्रवाद क्षेत्र में उग्रवादियों का मान मनौव्वल भी
गोमिया विधानसभा का लगभग आधा भाग उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र है। ऐसे में चुनाव में उग्रवादी बाधा नहीं पहुंचाएं, मतदान शांति पूर्ण होने दें तथा प्रत्याशी को चुनाव प्रचार में तंग नहीं करें। इसको लेकर जहां जिला प्रशासन अपने स्तर पर सक्रिय है। वहीं प्रत्याशी और समर्थक भी अपने स्तर से उग्रवादियों का मान मनौव्वल करने में जुटे हैं। ताकि चुनाव के दौरान उन्हें दिक्कत नहीं हो। वैसे भी चर्चे में है कि जबतक लाल क्षेत्र में उग्रवादी नहीं चाहेंगे, तबतक चुनाव मामले में पत्ता नहीं हिलेगा।
कसमार प्रखंड के सोनपुरा, दांतु व पोंडा पंचायत मंे डोर टू डोर जन संपर्क चलाया
जनसंपर्क कर आजसू प्रत्याशी ने कहा गोमिया में परिवर्तन की लहर दौड़ रही
भास्कर न्यूज | कसमार
गोमिया विधानसभा के आजसू प्रत्याशी डॉ. लंबोदर महतो ने मंगलवार को प्रखंड के सोनपुरा, दांतु, व पोंडा पंचायत के दर्जनों गांव व टोलों में डोर टू डोर जन संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से अपने पक्ष में आजसू पार्टी को वोट करने की अपील की। उन्होंने मंगलवार को दांतु यज्ञ मंडप मे पहुंचकर सिर नवाया।
इसके बाद सोनपुरा पंचायत के पिरवाटांड़, सोनपुरा, पुरनाडीह, सिल्ली साडम पिपराडीह, खूंटा, सोनहर, दांतु, पोंडा पंचायत के पोंडा, सिरकीटांड़, कमलापुर, बनगजरा, निछानी, धधकिया, ठाकुर पोड़ा गांवों में डोर टू डोर जाकर संपर्क साधा। महतो ने कहा कि गोमिया मे परिवर्तन की लहर दौड़ रही है। उन्होंने गोमिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आगामी 28 मई को मतदान होना है। इसमें युवा वर्ग और अन्य मतदाता आजसू कोे विकास के लिए वोट दें। दौरे में अमरदीप महाराज, चन्द्रशेखर नायक, अरविंद सिंह, उपेन्द्र करमाली, सतीश चन्द नायक, महेश सिंह आदि भी थे।
अल्पसंख्यक महासभा आजसू प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने के लिए घर-घर जाकर करेगी अपील
लेपो में आजसू अल्पसंख्यक महासभा की बैठक में शामिल पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
भास्कर न्यूज | पेटरवार
आजसू पार्टी अल्पसंख्यक महासभा गोमिया विधानसभा उपचुनाव में आजसू प्रत्याशी डॉ. लंबोदर महतो के पक्ष में घर-घर जाकर वोट मांगेगी। महासभा के पदाधिकारी एक-एक घर जाकर लोगों को डॉ. महतो के व्यक्तित्व व उनकी जन सेवा की भावना से लोगों को अवगत कराएंगे। इस आशय का निर्णय लेपो में अल्पसंख्यक महासभा जिलाध्यक्ष फखरुद्दीन अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना नजरुल हसन हाशमी, हाजी इंतखाब आलम, अब्दुल अंसारी, एम रहमान, तनवीर आलम आदि थे।
दौरा करते गोमिया के आजसू प्रत्याशी डॉ. लंबोदर महतो व अन्य।