हेल्पिंग हैंड झुलसी बच्ची की करवाएगी प्लॉस्टिक सर्जरी
चास की स्वयंसेवी संस्था हेल्पिंग हैंड ने अाग से झुलसी एक गरीब और लाचार बच्ची की प्लास्टिक सर्जरी कराने का बीड़ा उठाया है। सेक्टर चार के हरिमंदिर के पास रहने वाली 14 वर्षीय रजनी छह माह पहले आग में बुरी तरह झुलस गई थी। उसके माता-पिता का निधन पहले ही हो गया है। अब बच्ची के इलाज का भार उसके भाई पर आ गया। घर की माली हालत वैसी नहीं थी कि वह ठीक से इलाज करा सके।
इलाज के लिए भाई उसे लेकर छह माह तक भटकता रहा। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसी दौरान उनकी मुलाकात हेल्पिंग हैंड संस्था के संस्थापक गोपाल मुरारका से हुई। वे बच्ची की हालत देख द्रवित हो गए। पहले उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिर, इसकी जानकारी संस्था के अध्यक्ष राजेश ठाकुर को दी। दोनों ने रांची के डॉक्टरों से बात की। वे तैयार हो गए। सदर अस्पताल बोकारो ने एंबुलेंस की व्यवस्था की और बुधवार को बच्ची को इलाज के लिए रांची ले जाया गया।
शरीर के कमर से नीचे का हिस्सा जल गया है
परिवार में सिर्फ रजनी और उसका छोटा भाई रंजीत कुमार है। माता-पिता की मौत के बाद रिश्तेदारों ने भी मुंह मोड़ लिया। रजनी ही अपने भाई की देखभाल करती थी। पहले तो कचरा चुनकर किसी तरह अपना और भाई का पेट चलाती थी। बाद में घर-घर खाना मांग कर भाई की परवरिश करने लगी। नवंबर 2017 में रजनी आग में गिरकर बुरी तरह झुलस गई।
बच्ची को प्लास्टिक सर्जरी के लिए भेजा रांची
सदर अस्पताल बोकारो में इलाज शुरू होने के बाद लड़की की स्थिति सुधरने लगी। इसके बाद हेल्पिंग हैंड के संस्थापक गोपाल मुरारका ने प्लास्टिक सर्जरी कराने का निर्णय लिया। अध्यक्ष राजेश ठाकुर की मदद से सर्जरी के लिए उसे रांची रेफर कराया गया। इसमें संस्था के अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया। अब बच्ची अपने भाई के साथ रांची में है, वहां प्लास्टिक सर्जरी की तैयारी चल रही है।