50 किमी की रफ्तार से आंधी, वज्रपात से पांच घायल
सिटी रिपोर्टर | बोकारो/ पिंड्राजोरा
शहर और आसपास के इलाकों में बुधवार की दोपहर आंधी-बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। पिंड्राजोरा में ठनका गिरने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे शामिल हैं। इनमें तीन को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो का इलाज गांव में ही चल रहा है।
उधर पेटरवार में ठनका की चपेट में आकर दो मवेशियों की मौत हो गई। तेज आंधी से कई इलाकों में पेड़ व बिजली के पोल उखड़ गए। इससे शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई इलाकों में दोपहर से शाम तक बिजली गुल रही। इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
पिंड्राजोरा के भंडरो गांव में दुर्गा महली के घर के आंगन में कुछ बच्चे खेल रहे थे। तभी गरज के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर श्यामल बाउरी की 10 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी और 5 वर्षीय पुत्र छोटू बाउरी, गोपी महली का 13 वर्षीय पुत्र राकेश महली और रमेश बाउरी का 8 वर्षीय पुत्र मोहित बाउरी जख्मी हो गए। गंभीर रूप से घायल शंकर महतो, सोनाली कुमारी और छोटू बाउरी को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं राकेश महली और मोहित बाउरी दोनों का गांव में ही घरेलू इलाज चल रहा है।
घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायल छाेटू बाउरी।
घायल सोनाली।
वज्रपात होने से 55
वर्षीय जगदीश झुलसे
तेलो | तेलो पूर्वी पंचायत के बेलटांड़ में बुधवार को वज्रपात होने से 55 वर्षीय जगदीश महतो बुरी तरह से झुलस गए। स्थानीय चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे अपनी बाड़ी में काम कर रहे थे कि अचानक बिजली कड़की और वज्रपात हो गया। वे इसकी चपेट में आ गए। वज्रपात से जगदीश महतो का दाहिना पैर और सिर बुरी तरह से झुलस गया।
दो मवेशियों की मौत
पेटरवार | पेटरवार एवं आसपास ओले से भारी क्षति हुई। कोह पंचायत लेपो गांव में ठनका गिरने से डोकेश्वर महतो की भैंस एवं बूढ़नगोड़ा ग्राम निवासी राकेश हेंब्रम के बैल की मौत हो गई। भैंस की कीमत 50 हजार व बैल की 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
दुंदीबाद बाजार में 20 दुकानों के छप्पर उड़े
बोकारो | आंधी और बारिश के दौरान दुंदीबाद बाजार में लगभग 20 दुकानों के छप्पर उड़ गए। ये सभी दुकानें पूजा सामग्री और टोकरी आदि की थीं। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। दुकानदारों की मानें तो सभी दुकानों को मिलाकर एक लाख रूपए का नुकसान हुआ है। दुकानदार उमाशंकर ने बताया कि उन लोगों के ऊपर यह आंधी आफत बनकर आई है। वे जैसे-तैसे कर्ज लेकर दुकानों में सामान लाए थे। अब दुकानों की छत बनाने के लिए पैसे कहां से लाएं। जिनकी दुकानों में क्षति हुई है उनमें सुबोध केसरी, बिनोद लाल श्रीवास्तव, दिनेश गुप्ता, जितेंद्र साव, रामनाथ केसरी, बबलू लाल, राजा सवा, कौशल साव, रामाशंकर श्रीवास्तव, उमाशंकर, मंटू लाल, रामदर्शन साव, छोटक सिंह शामिल हैं। इसी तरह राम मंदिर से पत्थरकट्टा जानेवाले मार्ग में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिरे। कई वाहन इसकी चपेट में आने से बचे।