अपराध रोकने के लिए चास में 18 जगह लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
चास नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन अलग तरीका अपनाने जा रहा है। चास में विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़-भाड़वाले इलाकों में सीसीटीवी लगाए जाएंगे, जिसके माध्यम से अपराधियों पर नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी में आसपास की हर गतिविधि कैद होगी। सीसीटीवी नगर निगम के नियंत्रण कक्ष से कनेक्टेड होगा। इससे चौक-चौराहों पर साफ-सफाई की मॉनीटरिंग भी हो सकेगी।
पहले चरण में 18 स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की तैयारी है। सीसीटीवी लगाने के लिए प्रशासन को एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। यह काम पटना की निजी कंपनी मेसर्स एआईएम एड कॉम प्राइवेट लिमिटेड नि:शुल्क करेगी। लेकिन इसके एवज में कंपनी चिह्नित स्थानों पर पोल गाड़कर उस पर प्रचार के लिए इलेक्ट्रानिक डिसप्ले बोर्ड लगाएगी। उसी पोल पर सीसीटीवी लगेंगे। इससे नगर निगम को भी लाखों रुपए की कमाई होगी। कंपनी डिसप्ले बोर्ड के लिए निगम को 300 रुपए प्रति स्क्वायर फिट के हिसाब से सालाना शुल्क देगी। वहीं, निगम ने इसकी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन ने वर्ष 2017 में बोकारो एसपी को पत्र लिख कर चास नगर निगम क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया था। इस काम के लिए उन्होंने एसपी को पत्र लिखकर निजी कंपनी मेसर्स एआईएम एड कॉम प्राइवेट लिमिटेड का बाकायदा नाम भी सुझाया था। इस पत्र के आलोक में बोकारो के तत्कालीन एसपी वाईएस रमेश ने उक्त कंपनी को पत्र लिख कर सीसीटीवी लगाने के लिए चिन्हित जगहों की सूची उपलब्ध करा दी थी। अब जाकर काम शुरू हो रहा है।
चास में निजी कंपनी जिस पोल पर कैमरे लगाएगी, उसी पर डिस्पले बोर्ड लगा करेगी प्रचार, साथ ही निगम को राजस्व भी देगी
चास नगर निगम मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कनेक्टेड होंगे।
इन जगहों को किया गया है चिह्नित| सीसीटीवी लगाने के लिए चास के 18 स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें गरगा पुल, बजाज शोरूम, चास चेकपोस्ट, श्रीराम चौक, आईटीआई मोड़, पुराना बाजार, तेलीडीह मोड़, होटल गोल्डन पैलेस, महावीर चौक, फल मंडी, शीतला मंदिर, चंद्रा सिनेमा, पुरुलिया रोड, एसबीआई बाइपास रोड, एसबीआई जोधाडीह मोड़, चास प्रखंड कार्यालय गेट, चास प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित गुरुद्वारा रोड शामिल है।
सीसीटीवी के लगने से ये होगा फायदा
चिह्नित जगहों पर सीसीटीवी लगने से आसपास की सभी गतिविधियां उसमें कैद हो जाएंगी। इससे अपराध नियंत्रण में पुलिस को काफी मदद मिलेगी। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा। वहीं, आम लोग खासकर महिलाएं बिना किसी डर के किसी भी समय आना-जाना कर सकेंगी। चौक-चौराहों और उसके आसपास मजमा लगा कर छेड़खानी सहित अन्य अपराधों को अंजाम देने वालों को चिह्नित कर करवाई करने में मदद मिलेगी।
एक साथ होंगे कई काम
इस संबंध में पूछे जाने पर निगम के सिटी मैनेजर शब्बीर आलम ने कहा कि राज्य पुलिस मुख्यालय की यह अच्छी पहल है। इससे बिना किसी सरकारी खर्च के अपराध नियंत्रण सहित कई महत्वपूर्ण काम होंगे। सीसीटीवी लग जाने से निगम के कंट्रोल रूम में बैठ कर इलाके की साफ-सफाई की मॉनीटरिंग की जा सकेगी। इसके साथ-साथ शहर की पूरी गतिविधि पर भी ध्यान रखा जा सकेगा। इसके बदले कंपनी चिह्नित जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड लगाएगी।