महागठबंधन गठबंधन नहीं घटिया किस्म के लोगों का जमघट है। गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों के नेताओं ने झारखंड को लूटने का काम किया। ये बातें सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही। वे गोमिया उपचुनाव के लिए पेटरवार बाजारटांड़ में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। कहा कि झामुमो, कांग्रेस, राजद, झाविमो का गठबंधन येन केन प्रकारेण झारखंड को लूटने की योजना है। जनता इनके पैतरों से अनजान नहीं। भाजपा के कार्यों को बताने की जरूरत नहीं। भाजपा का काम बोल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां शांति है वही विकास है। भाजपा सरकार ने झारखंड में शांति व्यवस्था कायम करने का काम किया। 60 से 70 प्रतिशत उग्रवादियों को समर्पण करने को बाध्य किया। साथ ही गरीब जनता से वसूल किए गए रुपयों को भी सीज कर दिया गया। देश विदेश के लोग उग्रवाद के डर से झारखंड आने से कतराते थे, भाजपा सरकार शांति स्थापित कर राज्य को विकसित कर रही है। आगे कहा कि भाजपा जातिवाद, सम्प्रदायवाद की राजनीति नहीं करती। विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। जनता ने भाजपा के सिद्धांत में आस्था जताते हुए केंद्र व राज्य में बहुमत की सरकार बनवाई। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव या कोई भी चुनाव लोकतंत्र में वास्तविक स्वामी जनता है। अगर चुनाव धनबल से जीता जाता तो चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री नहीं होता। टाटा में मजदूरी करने वाला राज्य का प्रधान सेवक नहीं होता। आगे झामुमो पर हमला करते हुए कहा कि आदिवासियों को झूठ और फरेब के सहारे इनकी जमीन लूट ली। कार्यक्रम को बोकारो विधायक विरंची नारायण, विधायक अनन्त ओझा, पूर्व विधायक छत्रुराम महतो, सुधीर कुमार सिन्हा, डॉ. प्रह्लाद वर्णवाल ने सम्बोधित किया।
संबोधित करते मुख्यमंत्री रघुवर दास।
झारखंड को भाजपा बेचने का काम कर रही है : शिबू
कसमार में झामुमो प्रत्याशी बबीता देवी के पक्ष में कई दलों की साझा सभा
भास्कर न्यूज | कसमार
झामुमो प्रत्याशी बबीता देवी के पक्ष में शनिवार को कसमार प्रखंड के मंजूरा स्थित सपाहीटांड़ में साझा दलों की सभा हुई। सभा में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, मासस के निरसा विधायक अरूप चटर्जी, माले के पूर्व विधायक विनोद सिंह, गोड्डा के पूर्व विधायक फुरकान अंसारी, गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, भाकपा के इफ्तेखार महमूद मुख्य रूप से उपस्थित थे । इस अवसर पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि रघुवर सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता तंग आ चुकी है। इसलिए इस उपचुनाव में जनता भाजपा व आजसू के मंसूबे को विफल करे। भाजपा झारखंड को बेचने का काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की काली करतूतों को उठाने के कारण विपक्ष के नेताओं को टारगेट कर फंसाया जा रहा है। कहा कि रघुवर सरकार पूरी तरह से विफल है।
राजनीतिक लुटेरों को लोकतंत्र की ताकत दिखाने का समय आ गया है। भाजपा का विकास केवल खंभों पर नजर आता है। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा का चरित्र जनता के सामने आ चुका है। कर्नाटक प्रकरण में भाजपा मुंह छिपाती फिर रही है। कहा कि नरेंद्र मोदी देश को गिरवी रखने पर तुले हुए है। ददई दुबे ने कहा कि भाजपा अंग्रेज से भी खराब शासन कर रही है। फुरकान अंसारी ने कहा कि विपक्ष का गठबंधन राज्य को लुटेरों से बचाएगा। सभा को विनोद सिंह, अरूप चटर्जी, जगरनाथ महतो, योगेंद्र महतो ने भी संबोधित किया। प्रत्याशी बबीता देवी अपने संबोधन के दौरान भावुक होकर रो पड़ी। मौके पर संतोष रजवार, मंटू यादव इसराफिल अंसारी आदि भी थे।
मंच पर मौजूद सुबोधकांत सहाय, शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन और अन्य दलों के नेता।