बोकारो | हत्या के मामले के आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया। तारानगर चास में राम बालक राय की हत्या के मामले के दो आरोपी सागर सिंह और हीरा कुमार ने शनिवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के अदालत में आत्म समर्पण किया। जहां से उन दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं चास पुलिस उन दोनों को गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट के आसपास भटकती रही। 10 मई की अहले सुबह अपराधियों ने तारानगर निवासी 55 वर्षीय राम बालक राय की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। इस मामले में सागर सिंह, हीरा कुमार, श्याम सिंह, छोटू, राजकुमार आदि को आरोपी बनाते हुए चास थाने में मामला दर्ज कराया गया था। घटना के दूसरे दिन मृतक के परिजनों और मुहल्ले के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम भी किया था। हत्या के इस मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लोग लगा रहे थे। पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रति उदासीनता बरतने का भी आरोप लग रहा था। पुलिस सागर सिंह और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दी थी।