पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चास में जलसंकट गहराया, श्राद्ध कर्म में लोग प्रदूषित पानी का करते हैं उपयोग

चास में जलसंकट गहराया, श्राद्ध-कर्म में लोग प्रदूषित पानी का करते हैं उपयोग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डीबी स्टार बोकारो

चास इलाके में जलसंकट गहरा गया है। इस भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए रोज जद्दोजहद करनी पड़ रही है। जलस्तर काफी नीचे चले जाने के कारण यहां के सारे चापाकल खराब हैं। नगर निगम चापाकलों की मरम्मत कराने की बजाय डीप बोरिंग करा रहा है। स्थिति ऐसी है कि पीने और नहाने-धोने के लिए जरूरत भर पानी तो नहीं ही मिल रहा है, श्राद्ध कर्म करने के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। श्राद्ध कर्म के दौरान कपड़े धोने से लेकर घर की सफाई और अन्य काम के लिए पानी की जरूरत पड़ती है। गर्मी में जहां लोगों को अपनी हलक गिली करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है वहीं श्राद्ध कर्म में अधिक पानी की आवश्यकता होने पर जैसे-तैसे विधान पूरा करने की मजबूरी है।

बेकार हो गए हैं चास ब्लाॅक परिसर के सभी चापानल

चास ब्लॉक परिसर में पानी की व्यवस्था के लिए कई चापाकल लगाए गए थे, लेकिन सभी चापाकल खराब हो गए हैं। पहले सांसद मद से डीप बोरिंग कराकर लोगों के लिए प्याऊ की व्यवस्था की गई थी। उसी डीप बोरिंग के ऊपर चास ब्लॉक ऑफिस का नया भवन बन रहा है। इसके कारण यहां आने वाले लोगों को पानी के लिए जहां-तहां भटकना नहीं पड़ता।

नहीं लगाया वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम

जलस्तर नीचे जाने के कारण इलाके के लोग अंधाधुंध डीप बोरिंग करा रहे हैं। लेकिन, जलस्तर बचाने के लिए कहीं भी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगा है। नगर निगम प्रशासन भी इस दिशा में काेई मुहिम नहीं चला रहा है। उल्टे जलसंकट को देखते हुए खुद निगम ही डीप बोरिंग करा रहा है। इससे अच्छा होगा कि यहां के वाटर शेड का बचाया जाए इससे जलस्तर ऊपर आएगा। इसके लिए आम लोगों को भी जागरूक करना होगा।

भूगर्भ जलस्तर काफी नीचे, कहीं भी नहीं लगा वाटर

हार्वेस्टिंग सिस्टम, अधिकारियों ने भी नहीं दिया ध्यान

भोलूर बांध के गंदे जल में स्नान करते बच्चे और युवक।

घरेलू उपयोग के लिए गंदे जल का उपयोग करने की विवशता।

कई मुहल्लों में नहीं बिछाई गई पाइपलाइन

चास के कई मुहल्लों में सप्लाई का पानी नहीं पहुंचता। इन इलाकों में पाइपलाइन बिछाई ही नहीं गई है। इससे वहां के लाेगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग जैसे-तैसे अपना काम चलाते हैं। कई इलाकों में तो लोग नहाने और कपड़े धोने में तालाब के गंदे पानी का इस्तेमाल करते हैं।

क्या कहते हैं लोग

पानी के कारण होती है परेशानी

चास के तारानगर निवासी रामप्रवेश कुमार ने कहा कि पानी की कमी के कारण काफी परेशानी होती है। इसके लिए वार्ड पार्षद से लेकर नगर निगम के अधिकारियों से मिले, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

महिलाओं को होती है ज्यादा परेशानी

चास निवासी सुफल बाउरी ने कहा कि पानी के लिए तो सब परेशान हंै। लेकिन महिलाएं ज्यादा परेशान रहती हैं। नगर निगम टैंकर से पानी पहुंचाने की व्यवस्था करे।

बहुत जल्द दूर होगी समस्या

चास इलाके में जलसंकट के बारे मेें हमें जानकारी है। इसकी दिशा में हम काम कर रहे हैं। बहुत जल्द पानी की समस्या दूर होगी। इसके लिए टीम बनाकर सभी टंकी में लोगों को लगाया गया है। कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं उसे दूर कर लिया जाएगा। 

भोलू पासवान, मेयर, चास नगर निगम

पानी के लिए दूर जाना पड़ता है

सरस्वती नगर निवासी दीपेंद्र कुमार ने कहा कि पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। इसके लिए कई बार अधिकारियों से विनती की गई, परन्तु कोई फायदा नहीं हुआ है। अभी जहां-तहां से पानी जुगाड़ कर रहे हैं।

पानी के लिए रातभर भटकना पड़ता है

तारानगर निवासी लालदेव ने कहा कि पानी के लिए रात पर जहां-तहां भटकना पड़ता है। इसके लिए काफी परेशानी होती है। चास नगर निगम को ध्यान देना चाहिए।

खबरें और भी हैं...