सोमवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हो गए। बालीडीह में बाइक और पानी के टैंकर के बीच टक्कर में दो युवकों संदीप कुमार गुप्ता और मनोज नायक की मौत हो गई। एक अन्य युवक दीपक दीगर जख्मी हो गया। वहीं, चास मुफ्फसिल के अलकुशा गांव के समीप टेंपो पलटने से एक महिला धज कुमारी की मौत हो गई। इस घटना में दो बच्चियां माधुरी और वैशाली जख्मी हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल बालीडीह निवासी तीन युवक बाइक से बोकारो की ओर आ रहे थे। रास्ते में बालीडीह थाना से आगे मां तारा होटल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे पानी के टैंकर (संख्या जेएच 09 के 5715) ने बाइक में धक्का मार दिया। इसमें बाइक पर सवार 22 वर्षीय संदीप कुमार गुप्ता और मनोज नायक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी दीपक दीगर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना चास के अलकुशा गांव के पास घटी। गांव की 45 वर्षीया धज कुमारी टेंपो से चास से अपने गांव लौट रही थी। तभी गांव से कुछ पहले ही टेंपो पलट गया। इसमें धज कुमारी व दो बच्चियां माधुरी एवं वैशाली घायल हो गईं। धज कुमारी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए बीजीएच भेजा गया। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं दो घायल बच्चियों का इलाज चास के निजी अस्पताल मे चल रहा है।
जब्त पानी का टैंकर।
घायल को अस्पताल लेकर आते लोग।
हादसे में एक की
मौत, तीन घंटे रही सड़क जाम
तुपकाडीह | चास प्रखंड के कनारी पंचायत के अंतर्गत झिंकलप्पा निवासी सोमरा मांझी की तेनु-बोकारो नहर किनारे सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि सोमरा अहले सुबह साइकिल से अपना भैंसा खोजने निकले थे। इसी क्रम में टीवीएस बाइक शोरूम के समीप तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उसे रौंद डाला। गुस्साए ग्रामीणों ने फुसरो-तुपकाडीह मेन रोड को 3 घंटा जाम कर दिया। सूचना पाकर जरीडीह सीओ राकेश श्रीवास्तव, थाना प्रभारी रूपेश दुबे, बालीडीह ओपी के प्रभारी बी सामद पहुंचकर मृतक के परिजन को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर जाम टूटा।