जिले में मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य 23 मई से शुरू होगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को चास प्रखंड स्थित खोरठा कला सांस्कृतिक केंद्र में बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलअो)को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण चास अनुमंडलाधिकारी सतीश चंद्रा ने दिया। प्रशिक्षण के माध्यम से बताया गया कि 23 मई से 25 जून 2018 तक फील्ड वेरिफिकेशन का काम बीएलओ करेंगे। इसमें डोर-टू-डोर जाकर मतदाता सूची का वैरीफिकेशन करना है। इसमें 18 वर्ष के उम्र होने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए फार्म सिक्स भरवाया जाएगा। वहीं अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है या यहां से कहीं अन्यत्र चले गए हैं तो उनका नाम हटाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी।
मतदान केंद्रों का भी होगा वैरीफिकेशन
इस अभियान के दौरान 26 जून से 31 जुलाई 2018 तक जिले के सभी मतदान केंद्रों का नेशनलाइजेशन होगा व फिजिकली रूप से सभी मतदान केंद्रों का वैरीफिकेशन भी होगा। इस अभियान के बाद मतदाता सूची का फाइनल पब्लिकेशन 4 जनवरी 2019 को रखा गया है। इससे पूर्व अपडेटिंग डेटाबेस तथा सप्लीमेंट प्रिंटिंग का कार्य 3 जनवरी 2019 को होगा। डिस्पोजल तथा क्लेम का समय 30 नवंबर है।
काम में कोताही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई : एसडीओ
एसडीओ ने कहा कि कार्य में कोताही बरतने वाले बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधीनस्थ पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में कैलेंडर के अनुसार कार्य करेंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कई जिले के सभी अधिकारी उपस्थित थे।