पिंड्राजोरा में ठनका गिरने से दो की मौत, पांच घायल
सिटी रिपोर्टर | बोकारो/ पिंड्राजोरा
बाेकारो और आसपास के इलाकों में बुधवार दोपहर को आई आंधी-बारिश से काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं चास प्रखंड के पिंड्राजोरा में ठनका गिरने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे शामिल हैं। इनमें तीन को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो का इलाज गांव में ही चल रहा है। उधर, पेटरवार में ठनका की चपेट में आकर दो मवेशियों की भी मौत हो गई। तेज आंधी से कई इलाकों में पेड़ व बिजली के पोल उखड़ गए। इससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई इलाकों में दोपहर से शाम तक बिजली गुल रही। इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान घटियाली पंचायत के केंदुआडीह टोला के कदम बांध के समीप एक झोपड़ी पर अचानक ठनका गिरा। इसमें गांव के चंदन रजवार और लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। बताया गया कि शंकर रजवार की 32 वर्षीया प|ी लक्ष्मी देवी नहाने के लिए कदम बांध गई थी, जबकि उसी गांव के सिदाम रजवार का 22 वर्षीय पुत्र चंदन रजवार बत्तख पकड़ने तालाब गया था। जैसे ही बारिश शुरू हुई, दोनों तालाब के पास बनी झोपड़ी में छिप गए। उसी समय झोपड़ी पर ठनका गिरा, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।