बोकारो | कलश यात्रा के साथ भास्कर सेवक समिति की ओर से सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को सेक्टर 4 एफ स्थित भगवान सूर्य मंदिर में किया गया। इसके पूर्व सूर्य मंदिर परिसर में रविवार होने के कारण पहले मंदिर के पुजारी गुप्तेश्वर मिश्रा के मंत्रोच्चारण के बीच सामूहिक हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलश यात्रा सेक्टर 4 एफ भगवान सूर्य मंदिर प्रांगण से निकाली गयी। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। कलश यात्रा सुबह 9.30 बजे से बैण्ड बाजा के साथ निकाला गया। कलश यात्रा सेक्टर 4 एफ के विभिन्न गलियों से होकर पुन: सूर्य मंदिर स्थित सूर्य सरोवर में मंगल कलश में जल भरा गया। जल भरने के बाद उस मंगल कलश को श्रीमदभागवत कथा स्थल में रखा गया। इसके तहत प्रत्येक संध्या में 4 बजे से लेकर रात 8 बजे तक श्रीमद भागवत कथा का प्रवचन किया जाएगा। इसमें प्रवचनकर्ता आचार्य ब्रजमोहन पाठक प्रतिदिन प्रवचन देंगे।