भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश का दो दिवसीय छठा त्रैवार्षिक अधिवेशन सेक्टर तीन स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रविवार को शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह व अन्य अतिथियों ने भारत माता व संस्थापक दत्तोपंत ठेगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। सिंह ने कहा कि दत्तोपंत ठेगड़ी ने भारतीय चिंतन के आधार पर ट्रेड यूनियन को खड़ा किया था। संघ ने राष्ट्र हित, उद्योग हित और मजदूर हित के आधार पर संगठन का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित के लिए सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। सरकार किसी भी दल की हो, लेकिन वह ताकतवर की ही सुनती है।
उद्घाटन सत्र के पश्चात अधिवेशन स्थल से जुलूस की शक्ल में सभी सदस्य नारेबाजी करते हुए गांधी चौक पहुंचे। वहां सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद और बोकारो स्टील राष्ट्रीय मजदूर संघ के महामंत्री कृष्णा राय ने कहा कि बीएसएल में मान्यता प्राप्त यूनियन का चुनाव बीएमएस की प्राथमिकता है। कतिपय यूनियनों ने मजदूरों को सिर्फ छलने का काम किया है। कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शरीक हुए। मौके पर आरएस चौधरी, केसी झा, एसके वर्मा, पारसनाथ ओझा, हरिलाल साव, रंजय कुमार, राकेश कुमार आदि मौजूद थे।