राष्ट्रीय पोषण मिशन को लेकर हुई ग्रामसभा, लेकिन गायब रहे जिम्मेदार
भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा
केंद्र सरकार के निर्देश के तहत पंचायतों में शनिवार को ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में मुख्य रूप से राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत दिए जाने वाले लाभ तथा जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचाना था, लेकिन जिन लोगों की जिम्मेदारी थी, वो ही ग्रामसभा में नहीं पहुंचे। ऐसे में पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन औपचारिकता नजर आया। इन ग्राम सभाओं में चिकित्सा विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम व आशा सहयोगिनियों को आना था, लेकिन अधिकतर ग्रामसभाओं में उनकी उपस्थित नजर नहीं आई।
गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए प्रधानमंत्री की ओर से हाल ही में राष्ट्रीय पोषण मिशन ने नाम से एक योजना का शुभारंभ पूरे देश में किया गया है। ऐसे में इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं व बच्चों को क्या लाभ मिल रहे हैं, इसकी जानकारी के लिए ग्रामसभाओं का आयोजन निश्चित किया गया था। चौथ का बरवाड़ा पंचायत सभागार में सुबह ग्यारह बजे सरपंच शीतल पहाड़िया तथा कोरम के सदस्यों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ग्रामसभा की कार्रवाई शुरू की। ग्रामसभा में ना तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नजर आई ना ही चिकित्सा विभाग की एएनएम या अन्य कर्मचारी उपस्थित थी। बाद में सीएचसी से एकमात्र कंपाउंडर मुरारीलाल जैन ही उपस्थित हुए। ऐसे में इस ग्रामसभा के माध्यम से जो जानकारियां दी जानी थी, वो दी जा नहीं सकी। बाद में सरपंच शीतल पहाड़िया व सचिव विजेंद्र सिंह ने उनके पास जो जानकारी थी, वो लोगों को बताकर कार्रवाई संपन्न करवाई।
बौंली| ग्राम पंचायत बौंली में सरपंच राजेश गोयल की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गय। सचिव राजाराम बैरवा ने बताया कि ग्राम सभा के दौरान राष्ट्रीय पोषण मिशन पर चर्चा की गई।
बालेर| कस्बे सहित निकटवर्ती ग्राम पंचायतों में शनिवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जहां राष्ट्रीय पोषण मिशन पर चर्चा की गई। इस अवसर पर बालेर अटल सेवा केंद्र पर ग्राम विकास अधिकारी दिनेश चंद शर्मा, सरपंच पार्वती देवी, हेमंत शर्मा, पवन शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम बैरवा सहित जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे। इसी प्रकार क्यारदा कलां में भी ग्राम सभा आयोजित की गई।
खिरनी| कस्बे के अटल सेवा केन्द्र पर अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन सरपंच कमला मीणा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर सरपंच कमला मीणा ने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। बाद में खिरनी ग्राम पंचायत के सहायक सचिव कृष्ण चन्द जांगिड़ द्वारा उपस्थित सभी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपने अपने क्षेत्र में कुपोषित बच्चों की सर्वे करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए आदेशित किया तथा पोषण स्वास्थ्य और स्वच्छता के बारे में विस्तार से समझाया।
मित्रपुरा| कस्बे के तेजाजी मंदिर पर सभा भवन में दामोदर बिंदल की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय पोषण मिशन पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे। इस दौरान कई लोग मौजूद थे।