मेहंदी के माध्यम से दिखाई सृजन क्षमता
सूरवाल. कस्बे के जैन स्थानक में आयोजित मेंहदी प्रतियोगिता में प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार मिलने पर बालिकाओं के खिले चेहरे।
भास्कर न्यूज | सूरवाल
दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार एवं टेलेंट सर्च कार्यक्रम के तहत दैनिक भास्कर एवं ग्राम पंचायत सूरवाल के संयुक्त तत्वावधान में जैन स्थानक भवन प्रांगण में महिलाओं एवं बालिकाओं की मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मेहंदी प्रतियोगिता में संभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हाथों पर मेहंदी रचाई। मेहंदी का आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से प्रतिभाओं ने अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया। बालिकाओं एवं महिलाओं ने अपनी सृजन क्षमता को प्रदर्शित करते हुए मेहंदी की विभिन्न कलाकृतियों को हाथों पर रचाया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सरपंच धर्मराज मीना थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचायत समिति सदस्य अनिता जैन उपस्थित थी। मुख्य अतिथि सरपंच मीना ने प्रतियोगिता आयोजन एवं भास्कर के सराहनीय प्रयास को अनुकरणीय बताया। अतिथियों ने प्रतियोगिताओं को गांवों में छिपी प्रतिभाओं के निखारने एवं आगे लाने का अच्छा मंच बताते हुए प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में सरपंच धर्मराज मीना, पंसस अनिता जैन, सीमा प्रजापत, प्रिया शर्मा एवं सौभाग्यमल योगी ने मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की। प्रतियोगिता में निष्ठा गुप्ता प्रथम, दीक्षा गुप्ता द्वितीय, रजिया बानो तृतीय रही।
जस्टाना में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
जस्टाना| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार एवं टैलेंट सर्च कार्यक्रम के तहत दैनिक भास्कर एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मंगलवार को बालिकाओं की मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय सरपंच पूजा देवी मीणा तथा अध्यक्षता मास्टर श्रीफूल मीणा तथा कार्यक्रम का संचालन स्थानीय स्कूल की अध्यापिका सरला शर्मा ने किया। विशिष्ट अतिथि व निर्णायक कमेटी के रुप में भाजपा एसटी मोर्चा के जिला मंत्री कालूराम मीणा, बामनवास विधानसभा के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुंजी लाल मीणा, युवा नेता सोनारायण मीणा व मड्डूलाल टोण्ड थे। इस दौरान प्रतियोगिता के संयुक्त आयोजक सरपंच पूजा मीणा ने प्रतियोगिता आयोजन व भास्कर के इस सराहनीय कार्य व प्रयास को सराहना बताया।
छाण में मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिता आज
छाण| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार कार्यक्रम एवं टैलेंट सर्च कार्यक्रम के तहत दैनिक भास्कर एवं पवन इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी छाण के संयुक्त तत्वावधान में बालिकाओं के लिए बुधवार को दो बजे से चतुर्भुजनाथ मंदिर प्रांगण में मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मित्रपुरा में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित
मित्रपुरा| दैनिक भास्कर द्वारा मंगलवार को मित्रपुरा कस्बे के आराधना पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में हंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 33 महिलाओं व बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि कस्बा सरपंच विमला बिंदल, विशिष्ट अतिथि जगदेव सिंह राजावत तथा अध्यक्षता महेश शर्मा ने की। प्रतियोगिता में 33 युवतियों ने भाग लिया, जिसमें निर्णायक डॉ. मिनाली मीना, प्रियंका जैन, अमीषा गोयल ने विजेताओं की घोषणा की। इसमें प्रथम स्थान उमा शर्मा ने, द्वितीय स्थान सोरिना बानो और तृतीय स्थान तबस्सुम ने प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने प्रथम विजेता को 11 सौ रुपए नकद और स्मृति-चिन्ह, द्वितीय विजेता को 5 सौ रुपए नकद और स्मृति-चिन्ह तथा तृतीय स्थान पाने वाली विजेता को 251 रुपए नकद और स्मृति-चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतियोगियों को स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मित्रपुरा. कस्बे में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देते अतिथि।
बालिकाओं ने हाथों में रचाई मेहंदी
खिरनी. दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित हुई मेहंदी प्रतियोगिता के तहत अपने हाथों की मेहंदी दिखाती बालिकाएं।
खिरनी| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार एवं टेलेंट सर्च कार्यक्रम के तहत दैनिक भास्कर एवं माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर खिरनी के संयुक्त तत्वावधान में माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर के प्रांगण में बालिकाओं की मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में संभागी बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हाथों में मेहंदी रचाई। प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि खिरनी की सरपंच कमला मीणा थी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बौंली पंचायत समिति की उप प्रधान संतोष देवी गुर्जर मौजूद थीं। प्रतियोगिता के संयुक्त संयोजक माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर के प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह पंवार थे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में खिरनी पीएचसी की एएनएम रजनी सोनी, मिथलेश शर्मा, अनुसूइया मंगल तथा सेवानिवृत्त वरिष्ठ अध्यापक ओम प्रकाश जंगम द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में सारिका गुर्जर प्रथम स्थान पर, नंदिनी शर्मा द्वितीय स्थान पर तथा काली सैनी तृतीय स्थान पर रही।