आधे बौंली में दिनभर बंद रही बिजली, नहीं मिला फाल्ट, लोग हुए परेशान
बौंली| कस्बे में बिजली निगम की लाइन में फाल्ट आ जाने के कारण आधे कस्बे में दिनभर बिजली बंद रही। बिजली निगम कर्मियों द्वारा दिनभर मशक्कत करने के बाद भी फाल्ट नहीं निकला जिसके कारण आधे कस्बे में दिनभर बिजली बंद रही। जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह पूरे कस्बे की बिजली बंद हो गई, जो सात बजे बाद चालू हुई। लेकिन बिजली आपूर्ति चालू होने के बाद ही आधे कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जो दिनभर बंद रही। आधे कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद रहने के कारण एक ओर जहां लोग गर्मी में कूलर पंखे नहीं चलने के कारण परेशान रहे वहीं दूसरी ओर बिजली के अभाव में पेयजलापूर्ति भी प्रभावित हुई। साथ ही बिजली आधारित उद्योग धंधे भी प्रभावित हुए। इस संबंध में बिजली निगम के जेईएन नरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह पौने पांच बजे से सवा सात बजे तक लोडसेडिंग में बिजली बंद रही। इसके बाद कस्बे में इन दिनों डाली जा रही अंडर ग्राउंड लाइन के कारण बिजली की लाइन कट जाने से उसमें फाल्ट आ गया, जिसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।