कार से बाइक टकराई, गिरे तो दूसरे वाहन ने रौंदा, 1 की मौत, 2 गंभीर
बुदनी| होशंगाबाद से शादी समारोह में शामिल होने के बाद बुदनी की ओर आ रहे बाइकसवार तीन लोगों को एक छोटे चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइकसवार गिर गए। तभी पीछे से आ रहे बड़े वाहन ने जमीन पर पड़े एक युवक को रौंद दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8.40 बजे बुदनी निवासी तीन युवक होशंगाबाद से एक बाइक पर सवार होकर बुदनी जा रहे थे। तभी अभिषेक फैक्ट्री के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात छोटे चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक सवार राजू यादव उम्र 31 वर्ष, धर्मेंद्र शाक्य उम्र 16 वर्ष, राजेंद्र रोड पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन ने राजेंद्र को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोगों को गंभीर अवस्था में होशंगाबाद रेफर कर दिया है।