पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 5 हजार से अधिक आबादी सिंगल फेज पंप पर निर्भर

5 हजार से अधिक आबादी सिंगल फेज पंप पर निर्भर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर की पांच हजार से अधिक की आबादी सिंगल फेज पंप पर ही निर्भर है। गर्मी तेज होने के साथ ही कॉलोनियों में लगे ट्यूबवैलों का जलस्तर गहराता जा रहा है। कुछ जगह पर तो टैंकरों से आमजन को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। भले ही शहर में चंबल का पानी पहुंच गया है, लेकिन अब तक भी कई हिस्से ऐसे है, जहां रहने वालों को सिंगल फेज पंप से ही पीने के लिए पानी जुटाना पड़ रहा है।

गर्मी के मौसम में बिजली की समस्या भी आम है। बिजली बंद होते ही सारी व्यवस्था बिगड़ जाती है और पानी के लिए भी लोगों को इंतजार करना पड़ जाता है। ऐसे हालात शहर में कई जगह पर बनने लगे हैं। हालांकि लोगों को पेयजल का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए नगरपरिषद जलदाय प्रकोष्ठ की ओर से इन बस्तियों में टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। अब गर्मी में भूजल स्तर गहराने से समस्या और भी बढ़ जाएगी। जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में ट्यूबवैल भी लगाए हुए हैं, जिनसे डायरेक्ट बूस्टिंग की जाती है। बिजली बंद होते ही व्यवस्था बिगड़ जाती है। इस तरह के यहां 6 जोन है, जहां डायरेक्ट बूस्टिंग से काम चलाया जा रहा है। हालांकि वहां भी लाइन बिछने के बाद स्थाई समाधान हो जाएगा।

स्थाई समाधान में लगेगा समय
शहर को चंबल का पानी मिल रहा है, लेकिन कई बस्तियां ऐसी है, जिनमें पाइपलाइन नहीं होने के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वैसे अमृत योजना के तहत कई जगह पर लाइन बिछा दी गई है, लेकिन काम को पूरा होने में समय लगेगा, तब तक पेयजल संकट बना रहेगा।

जहां समस्या उत्पन्न हो रही है वहां टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। आदर्श कॉलोनी में दो व महावीर कॉलोनी में दो टैंकर रोजाना भिजवाएं जा रहे हैं। अमृत योजना में लाइनें बिछाई जा रही है। इसके बाद स्थाई समाधान हो जाएगा। जेपी दाधीच, एईएन, नगरपरिषद जलदाय प्रकोष्ठ

इन कॉलोनियों में लगे हैं सिंगल फेज पंप
शहर की बाईपास रोड आदर्श कॉलोनी, शिवशक्ति नगर, नानकपुरिया, इंद्रा कॉलोनी, गांधी ग्राम रोड, प्रजापत कॉलोनी, भांड बस्ती, शीतला नगर में पाइप लाइन नहीं होने के कारण जलदाय विभाग ने सिंगल फेज पंप लगा रखे है। इनमें से बाईपास रोड आदर्श कॉलोनी में तो ट्यूबवैल सूख गया है। ऐसे में फिलहाल यहां दो टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। इसी तरह महावीर कॉलोनी के ऊंचाई वाले भागों में जलापूर्ति के लिए दो टैंकर चलाए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...