बूंदी| मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को मनरेगा संविदा कार्मिकों के आंदोलन के समर्थन और पंचायतीराज के मंत्रालयिक कर्मचारियों के कैडर रिव्यू की मांग काे लेकर नरेगा कार्यों का बहिष्कार कर दिया। अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री व ग्रामीण विकास मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
संघ जिलाध्यक्ष सोहनलाल योगी ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारी एवं सालों से संविदा का दंश झेल रहे मनरेगा कार्मिक अल्पवेतन भोगी हैं। पंचायतीराज संस्थाओं में मंत्रालयिक संवर्ग के स्वीकृत पदों के विरुद्ध कैडर स्ट्रेन्थ रिवाइज की जाए। कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 में शेष रहे पदों पर पुनः शीघ्र शुरू की जाए। एसएसआर भर्ती पर भी निर्णय लिया जाए। गृहजिले में स्थानान्तरण नियमों में व्यवस्था की जाए। अनुकंपा नियुक्ति के तहत लगे कनिष्ठ लिपिकों को टंकण परीक्षा से राहत दी जाए।
आंदोलन की रूपरेखा बनाई: जिलाध्यक्ष सोहनलाल योगी ने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया गया है। 21 से 23 मई तक जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा कार्यालयों के समक्ष लोगों को शरबत-शीतल जल पिलाया जाएगा। 24 मई से पंचायत समिति, जिला परिषद, ग्राम पंचायत कार्यालर्यो में बेमियादी कार्य बहिष्कार, कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन होगा।
केशवरायपाटन| मनरेगा संविदा कर्मियों के चल रहे आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार से पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन में भी आ गया। संगठन अध्यक्ष रामराज मीणा ने कहा कि कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है।
बूंदी. मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल का कलेक्टर को ज्ञापन।