प्रतिबंधित जिलों से तबादले की उम्मीद, 300 आवेदन आए
कोटा/बूंदी| प्राथमिक शिक्षा विभाग में करीब 10 साल बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों के लिए प्रतिबंधित जिले और दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्र में पढ़ा रहे शिक्षकों को तबादले होने की उम्मीद बंधी है।
शिक्षक रोज प्राथमिक शिक्षा विभाग कार्यालय में आवेदन जमा करवाने पहुंच रहे हैं। कोई छुट्टी लेकर तो कोई स्कूल समय के बाद डीईओ प्रारंभिक कार्यालय पहुंच रहे हैं। विभाग की ओर से ऑफलाइन और ऑनलाइन प्रोसेस से फॉर्म जमा हो रहे हैं। दोनों प्रोसेस होने से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शिक्षकों का कहना है कि ई-मेल सिस्टम पर इतना अधिक भरोसा नहीं है। ऐसे में वो ऑफलाइन इन्हें जमा करवा रहे हैं।10 साल से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय बाद ग्रेड थर्ड में तबादले से प्रतिबंध हटा है। लेकिन, इसमें कितनी पारदर्शिता होगी यह तो तबादलों की स्थिति क्लियर होने के बाद ही पता लग सकेगा। उन्होंने बताया कि डीईओ प्रारंभिक कार्यालय में तबादले की प्रक्रिया पिछले दो दिन से जारी है। करीब 300 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। 20 अप्रैल तक फाॅर्म जमा होंगे। संबंधित शिक्षक transferdeoelekota@gmail.com पर भी ऑनलाइन अावेदन कर सकते हैं।