उज्ज्वला दिवस पर 8 गांव में दिए जाएंगे एलपीजी कनेक्शन
बूंदी जिले की सभी एलपीजी एजेंसियां 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस के रूप में मनाएगी। एलपीजी पंचायतों के आयोजन को लेकर जिला रसद कार्यालय में बैठक हुई।
उज्ज्वला योजना के जिला नोडल अधिकारी एवं भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. के प्रबंधक श्रीचंद एवं प्रादेशिक प्रबंधक नंदिश वधावन ने बताया कि जिले की 15 गैस एजेंसियों द्वारा विभिन्न गांवों में एलपीजी पंचायत का आयोजन करेगी। गैस कनेक्शन जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को दिए जाएंगे। जिला रसद अधिकारी संदीप माथुर ने बताया कि जिले में 14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान के दौरान जिले के भवानीपुरा, शिवशक्ति का खेड़ा, श्योपुरिया की बावड़ी, बिजनावर, बंगामाता, शंकरपुरा, कैथूदा एवं इन्द्रपुरिया गांवों को धुआं रहित किया जाएगा। इसके लिए इन गांवों में 20 अप्रैल को विभिन्न एलपीजी एजेंसियों द्वारा पात्र लाभार्थियों को गैस कनेक्शन वितरित किए जाएंगे। बैठक में अरूण गैस एजेंसी के विजय वर्धन, मां गायत्री एजेंसी की प्रीति, गुरूनानक एजेंसी तालेडा सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
कापरेन. केंद्र सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के बाद अब विस्तारित उज्ज्वला योजना में एसटी व एससी एवं अंत्योदय परिवार की महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन देने की योजना शुरू की गई है। गैस एजेंसी के संचालक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के तहत आवेदन जमा करने का कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से सभी गैस कंपनियों को ऐसे परिवारों का सर्वे कर गैस कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए हैं।
हिंडौली. योजना के तहत आवेदन जमा करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। स्थानीय गैस एजेंसी हिंडोली इंडेन के मैनेजर रितेश जैन ने बताया आवेदन के साथ महिला को जाति प्रमाण पत्र देना होगा। राशन कार्ड में इंद्राज परिवार के किसी भी सदस्य का जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिन परिवारों में गैस कनेक्शन नहीं है।
एलपीजी पंचायतों के आयोजन को लेकर जिला रसद कार्यालय में बैठक आयोजित