राजफेड की ओर से लहसुन की सरकारी खरीद की समय सीमा शुक्रवार शाम खत्म हो गई। हालांकि खरीद आगे जारी रखने के लिए अभी कोई आदेश तो नहीं आए हैं, पर अधिकारियों का कहना है कि लहसुन खरीद की तारीख बढ़ने की संभावना है।
अगर आदेश आ भी गए तो भी अब लहसुन की खरीद सोमवार से ही शुरू हो पाएगी। शनिवार और रविवार को खरीद केंद्र पर अवकाश रहेगा। केपाटन क्रय-विक्रय सहकारी समिति के प्रबंध मैनेजर घनश्याम बजाज ने बताया कि शुक्रवार को करीब 40 किसानों का 2200 कट्टे लहसुन खरीदा गया। जो भी किसान खरीद केंद्र पहुंचे, सभी का लहसुन खरीद लिया गया। उन्होंने बताया कि मंडी यार्ड खरीदे गए लहसुन से फुल हो चुका है। माल के उठाव की समस्या बनी हुई है। यहां से लहसुन दिल्ली की आजादपुर मंडी में भेजा जा रहा है, पर वहां ट्रक समय पर खाली नहीं हो पा रहे। ऐसे में यहां से उठाव धीरे हो रहा है।