बूंदी. सड़क-पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते मोहल्लेवासी।
बूंदी| बरसात भले ही अभी दूर है, लेकिन बरसात के दौरान बनने वाले हालातों का सामना कर चुके लोगों को अभी से चिंता सताने लगी है। शहर के वार्ड 3 की महिलाएं व बच्चे इसी पीड़ा को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर को हालातों से अवगत करवाया।
ज्ञापन में लिखा कि शिव कॉलोनी में नंदकिशोर गुर्जर के मकान से बैरवा बस्ती स्थित भैरूजी के मंदिर तक जल्द से जल्द सीसी रोड बनाया जाए। गली का पूरा रास्ता कच्चा है। पानी के निकास की कोई व्यवस्था नहीं है। बरसात के दिनों में पानी बीच रास्ते में भर जाता है। आवागमन में आमजन को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। यहां तक की पानी भरा होने से बच्चे तो स्कूल जाना ही बंद कर देते हैं। वे विधायक व स्थानीय पार्षद को भी बता चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिला है। साथ ही बरसात के दिनों में बीच रास्ते में भरने वाले पानी की समस्या का भी स्थाई समाधान किया जाए।
गांव से भी बदतर हैं यहां के हालात
शिव कॉलोनी की महिलाओं की ओर से दिए ज्ञापन में लिखा कि केंद्र व राज्य सरकार ने छोटे-छोटे गांवों व वहां की गलियों की सड़कों का पक्का कर दिया, लेकिन जिला मुख्यालय की ऐसी कई कॉलोनियां हैं, जहां रहने वालों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वे अपनी पीड़ा कई बार बता चुके हैं और आंदोलन भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी पीड़ा को कोई नहीं सुन रहा है। ऐसे में उनकी समस्या का त्वरित समाधान कर बरसात के दिनों में होने वाली तकलीफ से राहत दिलाई जाए। ज्ञापन देने वालों में शंकरलाल बैरवा, मुकेश, मधु रेगर, मंजू, पूजा, बजरंगी, नारंगीबाई, गीताबाई, कमला, ममता, पुष्पा, ललता, गुड्डी शामिल रहीं।