सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा, बेहतर काम का मिला सम्मान
बूंदी. पुलिस दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार शाम पुलिस ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
पुलिसकर्मी व उनके बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया। एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य कविता पाठ आदि की भी प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों ने जब मंच से मोहक प्रस्तुतियां दीं तो सभागार में बैठे अधिकारी और कर्मचारियों के परिवारों ने उनका तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। नृत्य और गायन को भी खूब सराहा गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर शिवांगी स्वर्णकार, एसपी योगेश यादव, एडीएम नरेश मालव, एडीएम सिलिंग ममता तिवारी, एएसपी दशरथसिंह आदि मौजूद थे। इसके अलावा सभी डीएसपी व थानों के थानाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी व उनके बच्चों को सम्मानित किया गया।
बूंदी. उत्कृष्ट कार्य करने पर विशेष शाखा को सम्मानित करते कलेक्टर एवं एसपी।
बूंदी. कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर, एसपी एवं अन्य।
100 से ज्यादा लोगों को नवाजेंगे
पुलिस दिवस के तहत सोमवार को सम्मान समारोह होगा। इसमें उत्तम, अति उत्तम, सर्वोत्तम सेवा चिह्न प्राप्त करने वाले अधिकारी कर्मचारी को सम्मानित किया जाएगा। एएसपी दशरथसिंह ने बताया कि सम्मान समारोह में 7 अधिकारी कर्मचारी को सर्वोत्तम चिह्न, 41 को अति उत्तम सेवा चिह्न, 4 को उत्तम सेवा चिह्न से सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारी व बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में 100 से अधिक को सम्मानित किया जाएगा।