- Hindi News
- National
- ऐबरा महादेव मंदिर से दो साल पहले चुराई विष्णु भगवान की मूर्ति माटूंदा नहर में मिली
ऐबरा महादेव मंदिर से दो साल पहले चुराई विष्णु भगवान की मूर्ति माटूंदा नहर में मिली
माटूंदा के पास बड़ी नहर में काले पत्थर की करीब डेढ़-दो फुट की भगवान विष्णु की आदमकद मूर्ति मिली है।
सदर एसआई जितेंद्रसिंह शेखावत के अनुसार यह मूर्ति वर्ष 2016 में एबरा महादेव मंदिर से चोरी गई थी। मूर्ति 7 हिस्सों में खंडित है। उसके हाथ का हिस्सा व अन्य भाग टूटा हुआ है। ये टुकड़े भी नहर में ही पड़े मिले। माटूंदा सरपंच महेंद्र शर्मा ने बताया कि यह मूर्ति आठ-दस रोज पहले गांव के छात्र गिरिराज गुर्जर को नहर में कीचड़ में पड़ी मिली। छात्र अपने मवेशियों को पानी पिलाने ले गया था। इस दौरान उसकी नजर मूर्ति पर पड़ी। उसने पास ही अपने खेत पर लाकर रख दी और अगरबत्ती करता रहा।
मंगलवार को उसने माटूंदा के दुकानदार कुलदीप वर्मा को मूर्ति के बारे में बताया। वहां से दोनों मूर्ति को दुकान पर ले आए। सरपंच महेंद्र शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। सदर एसआई जितेंद्रसिंह शेखावत पहुंचे, ग्रामीणों ने मूर्ति उन्हें सुपुर्द कर दी। सरपंच ने बताया कि मूर्ति मंदिर से उखाड़ते वक्त या नहर में छिपाते वक्त खंडित हो गई लगती है। पुलिस जांच कर रही है। सरपंच ने बताया कि नहरें इन दिनों बंद हैं। गर्मी की वजह से तल का पानी भी सूख चुका है, मूर्ति सीमेंटेड अंडरग्राउंड नहर में जमा कीचड़-कचरे में पड़ी थी।
बूंदी. माटूंदा में नहर के तल में मिली भगवान विष्णु की मूर्ति।