चने के आकार के ओले गिरे, टीन-टप्पर उड़े
नमाना रोड. मंगलवार को जिले में दोपहर बाद मौसम बिगड़ गया। हाइवे के एक रिसोर्ट का ऐसा हाल हो गया।
भास्कर न्यूज | बूंदी
जिले में मंगलवार दोपहर को मौसम पलट गया। तेज बरसात से कई जगह पेड़ गिर गए और टीन-टप्पर उड़ गए। गेंडोली इलाके में चने के आकार के ओले गिरे, वहीं रामगंजबालाजी इलाके में 3 ढाबों के छप्पर उड़ गए, मलबा कोटा-जयपुर हाईवे पर उड़कर आ गिरा। 6 बाइक और 2 कारों को मलबे की चपेट में आने से नुकसान पहुंचा। इसी तरह जिले में कई जगह नुकसान हुआ है। नुकसान कितना हुआ, प्रशासन इसकी रिपोर्ट जुटा रहा है।
इधर, बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने लहसुन घरों में इकट्ठा कर रखा है। बरसात या नमी से लहसुन खराब होने की आशंका किसानों को सताने लगी है। बदले मौसम के कारण मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर बाद लू के थपेड़े थम गए, पर उमस बढ़ गई। तहसील कार्यालय के मुताबिक मंगलवार को बूंदी में अधिकतम तापमान 45.4 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
हाइवे की रिसोर्ट आंधी के साथ हो गई तहस-नहस
झालीजी का बराना। गेंडौली में मंगलवार दोपहर अचानक बरसात के साथ गिरे बेर के आकार ओले।
गोठड़ा-जमीतपुरा में जनजीवन अस्त-व्यस्त
बूंदी का गोठड़ा. सोमवार रात को क्षेत्र में धूल भरी आंधी चलने से कई मकानों के टिनशेड उड़ गए। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति दुर्गापुरा निवासी नारायण मीणा चोटिल हुआ। जिससे बूंदी का गोठड़ा पीएचसी पर भर्ती कराया। आधा का भैरुजी निवासी सत्यनारायण सैनी ने बताया कि तेज हवाओं से उसके मकान की लोहे की चद्दर उड़ कर दूर जा गिरी। इसी तरह दुर्गापुरा के महावीर मीणा के मकान की 28 टिनशेड व नारायण मीणा सीमेंट की पट्टियां उड़कर टूट गई।
सड़क पर छोटे आकार के ओले
पेच की बावड़ी में भी नुकसान
पेच की बावड़ी. क्षेत्र में सोमवार शाम को आए तेज अंधड़ से कई ग्रामीणों के आशियाने उजाड़ दिए। कई जगह पेड़ व बिजली के पोल धराशायी हो गए। इससे ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। पगारा पंचायत के गांव खजूर का नला में ग्रामीण किशनलाल के घर के 10, रोशंदा पंचायत के गांव काबरी में गिरधर मीणा 12 चद्दर उड़ कर गिरने से टूट गए। इससे घर में रखे बक्सा, पाइप, बर्तन आदि में नुकसान हुआ।
गांवों में असर
बसोली। बूंदी जिले के बसोली क्षेत्र में अंधड़ से नुकसान हुआ। रघुनाथपुरा गांव में मकान से उड़े चद्दर।
अंधड़ के कारण मकानों के टीनशेड उड़ गए
नुकसान: बसोली में घरों के टीनशेड ले उड़ी आंधी
बसोली. सोमवार रात को तेज अंधड़ व बरसात से कई मकानों से चद्दर उड़ गए। पेड़ गिरने से बिजली गुल रही। सथूर के अजमेरा मोहल्ले में भगवान माली व कछेरीलाल कुशवाहा का परिवार बाल-बाल बच गया। बड़ौदिया के रघुनाथपुरा में भंवरलाल बैरवा घर से 12 चद्दर, रामचंद्रजी का खेड़ा में कैलाश के कच्चे घर से कवेलू व टीनशेड उड़ गए। बड़ौदिया सरपंच गायत्री शर्मा, सथूर सरपंच मांगीलाल मेघवंशी, कांग्रेस नेता ईश्वर कुशवाहा, हिंडौली ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश शर्मा, भंवरलाल गुर्जर, रामपाल गुर्जर, बलराम मीणा ने मुआवजे की मांग की।
जमीतपुरा. कस्बे में दोपहर को आंधी के साथ बरसात होने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। बरसात बंद होने के बाद उमस ने लोगों की परेशानी बड़ा दी।
जयस्थल. कस्बे सहित आसपास के गांवों में दोपहर तीन बजे 1 घंटे तेज बरसात हुई। जिसमें ग्रामीणों ने गर्मी से राहत मिली। बरसात होने पर किसानों ने बताया कि अब खेतों में अच्छी तरह से जुताई हो जाएगी।
झालीजी का बराना. गेंडौली सहित क्षेत्र में मंगलवार शाम 3.40 पर तेज अंधड़ के साथ 10 मिनट तक बेर के आकर के ओला गिरे। इससे ग्रामीणों व मवेशियों को भी इधर-उधर जगह तलाशनी पड़ी। बरसात से सड़क पर पानी बह निकला।
होटल में सबकुछ खत्म, लाखों का नुकसान
नमाना रोड. मंगलवार शाम आए तेज अंधड़ व बरसात से रामगंज बालाजी बाईपास पर बालाजी रिसोर्ट के छप्पर व सामान उड़कर फोरलेन पर बिखर गए। इससे कुछ समय के लिए वाहनों का जाम लग गया। होटल मालिक गोपाल उमरिया ने बताया कि महीने भर से मैने होटल को नारायण सैनी बूंदी वालों को किराया पर दिया था। जिसका शाम को उद्घाटन कार्यक्रम में लगभग 100 लोग मौजूद थे। इस समय अचानक तेज आंधी तूफान से पूरी होटल तहस-नहस हो गई। दावा है कि इसके कारण लाखों का नुकसान हुआ है।