बूंदी. ब्लड बैंक के लिए भवन निर्माण का शिलान्यास करते विधायक डोगरा।
बूंदी| जिला अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक के पीछे खाली जमीन पर ब्लड कंपोनेंट और सेपरेशन यूनिट बनाने के लिए शनिवार को विधायक अशोक डोगरा और सभापति महावीर मोदी ने शिलान्यास कर भूमि पूजन किया। इसके लिए राज्य सरकार ने 30 लाख रुपए दिए हैं। बजट कम लगने पर विधायक डोगरा और सभापति मोदी ने इसमें 2.50 लाख देने की घोषणा की है। विधायक ने कहा कि डेंगू के मेडिकल कॉलेज की तरह सब सुविधाएं अब बूंदी ब्लड बैंक में 24 घंटे मिलेगी। उपनियंत्रक डॉ. ओपी वर्मा ने स्वागत संबोधन दिया। समारोह में डॉ. एलएन मीणा, डॉ. अमर शर्मा, डॉ. नरेश जाटोलिया, डॉ. प्रभाकर विजय, रामदयाल शर्मा, महावीर गुर्जर, गुरुप्रीतसिंह आनंद, भगवानसिंह, भंवरसिंह, सत्यनारायण मीणा, पार्षद मनीष सिसोदिया, पूर्व पार्षद राजेश शर्मा, भाजपा नेता संजय शर्मा, लोकेश जैन मौजूद रहे। प्रभारी हनुमानसहाय शर्मा ने आभार जताया।
रिकॉल-जगह नहीं मिली, लैप्स हो गया था बजट
पहले ब्लड बैंक को क्रमोन्नत करने के लिए राज्य सरकार ने डेढ़ करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे, लेकिन जगह नहीं मिलने से भवन क्रमोन्नति के लिए मिले 50 लाख रुपए लैप्स हो गए। हालांकि एक करोड़ रुपए के उपकरण जयपुर स्तर पर खरीदे जा चुके हैं। इसके बाद दुबारा प्रयास में ब्लड बैंक रिनोवेशन के 30 लाख रुपए स्वीकृत हुए, लेकिन यह राशि भी कम है।
आगे क्या-ये होने हैं काम
पुराने भवन में बने हुए कमरों में 7 फीट ऊंचाई तक दीवारों पर टाइल्स लगानी है। फ्लोर पर टाइल्स लगेंगी। छत व दीवारों पर पुट्टी होगी। जांच के लिए ग्रेनाइट की स्लेब लगाई जाएगी। नए काम में एक बड़ा-एक छोटा कमरा और बरामदा बनाया जाएगा।