बूंदी. सीएम के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिग को लेकर प्रशासन-पुलिस अलर्ट।
बूंदी| खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की इमरजैंसी लेंडिंग की सूचना के बाद गुरुवार शाम प्रशासन-पुलिस अलर्ट हो गया। पुलिस परेड ग्राउंड पर अचानक हलचल बढ़ गई। पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अधिकारी पहुंचने लगे।
आपात संदेश आया था कि खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री वसुंधराराजे इमरजेंसी लेंडिंग कर सकती है। वक्त कम था, पर सारी तैयारियां कर ली गईं। शाम 6 बजे सूचना मिली कि मुख्यमंत्री यहां नहीं उतर रही।
गुरुवार को सांगोद से मुख्यमंत्री जयपुर के लिए रवाना हुई। रास्ते में खराब मौसम को देखते हुए यह अलर्ट जारी किया गया। बूंदी के अलावा झालावाड़ और बारां में भी इमरजेंसी लेंडिंग की तैयारी कर ली गई थी। जयपुर में लेंडिंग के संदेश तक पूरा प्रशासनिक अमला पुलिस परेड ग्राउंड पर अलर्ट रहा। कुछ रोज पहले मुख्यमंत्री बूंदी आई थीं, तब पुलिस परेड ग्राउंड में हेलीपेड बनाया गया था। ऐसे में नए हेलीपेड की जरूरत नहीं थी। एडीएम नरेश मालव, एएसपी दशरथसिंह, डीएसपी समदरसिंह पहुंच गए थे।