बूंदी| नैनवां रोड पर बनाए जा रहे गौरव पथ में बरती जा रही खामियों की कलेक्टर से शिकायत की गई है। वैभव मित्तल की ओर से दिए गए पत्र में लिखा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा गौरव पथ का निर्माण किया जा रहा है। काफी समय से लोगों की मांग रही है कि सड़क को चौड़ा किया जाए, ताकि बढ़ते ट्रैफिक की समस्या से आमजन को निजात मिल सके।
इन दिनों बूंदी शहर में सीवरेज लाइन का काम चल रहा है। आधे शहर में लाइन बिछाई जा चुकी है। सड़क के बीचों-बीच रोड कटिंग कर लाइन डाली जा रही है। नैनवां रोड पर भी सीवरेज लाइन प्रस्तावित हुई है। ऐसे में नए रोड काे फिर से खोदा जाएगा। इससे एक तो जनता को परेशानी होगी तथा दूसरा राजस्व की हानि होगी। खुदे हुए रोड को दुबारा बनाए जाने पर पहले जैसी मजबूती नहीं आती है। वाहनों के निकलने के दौरान सड़क बीच से बैठ सकती है। ऐसे में नैनवां रोड पर बनाए जा रहे गौरव पथ में पहले सीवरेज की लाइन बिछाई जाए। पत्र में लिखा कि नैनवां रोड की सड़क काफी अच्छी कंडीशन की है।