बूंदी| सरकारी कांटों पर चना व उड़द खरीद में ग्रेडिंग के नाम पर किसानों से वसूली गई राशि को किसानों ने अवैध कार्रवाई बताया है। यह राशि सभी किसानों को लौटाने व दोषी ठेकेदार व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को किसान कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री व गृहमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।
किसान कांग्रेस के जिला महासचिव सतवीर गुर्जर, जिला सचिव शंभुलाल मीणा, पप्पूलाल, रामलाल सैनी की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसानों के साथ खुलेआम लूट की जा रही है। तत्काल प्रभाव से सभी किसानों को उनकी राशि वापस लौटा कर दोषी ठेकेदार व कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। यदि सप्ताहभर में राशि नहीं लौटाई गई तो कलेक्ट्रेट के बाहर आमरण अनशन किया जाएगा।