जजावर में पशु चिकित्सालय के घटिया निर्माण की शिकायत
जजावर| कस्बे में करीब 25 लाख की लागत से निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय भवन की निर्मित दीवारों की नियमित रूप से पर्याप्त तराई नहीं होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को खतरा नजर आ रहा है। इससे आक्रोश लोगों ने मामले को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भेजा। यहां पशु चिकित्सालय के आधुनिक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सीमेंट की ईंटों में तराई पर्याप्त नहीं होने से दीवारों की मजबूती संदिग्ध नजर आ रही है। तराई के लिए पशु चिकित्सालय में तैनात पशुधन सहायक हरिशंकर सामरिया ने मौके पर जाकर लेबर से भी कहा, लेकिन ध्यान नहीं दिया। उधर, पशुपालन विभाग बूंदी संयुक्त निदेशक विजय सिंह ने बताया कि गर्मी में निर्माण कार्य की पर्याप्त तराई आवश्यक है। अगर तराई नहीं हो रही तो यह गलत है। इस मामले में संवेदक को पाबंद करने की कार्रवाई करेंगे।