2 पंचायत समितियों और 3 पंचायतों को आज मिलेगा राज्यस्तरीय अवाॅर्ड
बूंदी-हिंडौली के अलावा सहण-अजेता-बल्लोप पंचायत का होगा सम्मान
बूंदी| मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसरण में वर्ष 2016-17 में बूंदी एवं हिंडौली पंचायत समिति द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के फलस्वरूप दोनों पंचायत समितियों का राज्य स्तरीय पंचायत पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।
राज्य स्तरीय पंचायत पुरस्कार 18 अप्रैल को रवींद्र मंच रामनिवास बाग जयपुर में होने वाले समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री द्वारा प्रदान किया जाएगा। सीईओ जुगल किशोर मीणा ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने, ग्राम पंचायत व पंचायत समिति के स्वयं के आय के संसाधनों में वृद्धि करने, बाल विवाह की रोकथाम के लिए सार्थक प्रयास करने, बालिका शिक्षा को बढावा देने आदि के उत्कृष्ट कार्य करने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति नैनवां की ग्राम पंचायत सहण, पंचायत समिति बूंदी की ग्राम पंचायत अजेता तथा पंचायत समिति तालेड़ा की ग्राम पंचायत बल्लोप को भी पुरस्कृत किया जाएगा।