छोटी काशी के कई एटीएम में नहीं थी नकदी, उपभोक्ता होते रहे परेशान
बूंदी. गुरुनानक कॉलोनी स्थित एटीएम पर उपभोक्ताओं की भीड़ रही।
बूंदी| देशभर के एटीएम में चल रही नोटों की किल्लत के बीच बूंदी में भी मंगलवार को कई एटीएम से नकदी नहीं निकली। ऐसे में उपभोक्ताओं को एक से दूसरे एटीएम पर भटकना पड़ा।
मंगलवार शाम को एटीएम में नकदी नहीं डाली गई तो बुधवार को शहर के सभी एटीएम में नकदी की किल्लत सामने आ सकती है। बुधवार को आखातीज यानी अक्षय तृतीया पर नकदी की आवश्यकता अधिक होगी तो वहीं नए नोटों की दरकार भी ज्यादा रहेगी।
भास्कर संवाददाता मंगलवार शाम 7.30 बजे कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के यहां स्थित एसबीआई के एटीएम पर पहुंचा तो वहां ग्राहक ओमप्रकाश एटीएम से रुपए निकाल रहा था। लेकिन, एटीएम में राशि उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने 500 रुपए निकालने चाहे तो निकल गए। ऐसे में ओमप्रकाश काे उम्मीद जगी तो दुबारा प्रयास किया। इस बार उसने भी 500 रुपए निकालने का प्रयास किया, लेकिन एटीएम से निकासी नहीं हुई। दूसरे उपभोक्ताओं को भी एटीएम पर आकर निराशा हाथ लगी। इसके बाद संवाददाता इंद्रा मार्केट पुरानी धानमंडी रोड पर लगे एटीएम पर पहुंचे, जहां काफी लोग नकदी निकलवाने पहुंच रहे थे। ग्राहक शांतनु ने बताया कि एटीएम से रुपए नहीं निकल रहे हैं। इसके बाद गुरुनानक कॉलोनी के एटीएम पर नकदी बराबर निकलने के चलते भीड़ नजर आई।