बालविवाह को लेकर एक ही दिन में 6 शिकायतें, तीन एसडीएम जांच में लगे
बूंदी|आखातीज के अबूझ सावे पर बाल विवाह की 6 शिकायतें मिलीं। एक अप्रैल से कंट्राेल रूम खोलने से अब तक ऐसी 12 शिकायतें आ चुकी हैं। इन प्रकरणों की लाखेरी-हिंडौली और बूंदी के एसडीएम जांच कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार लाखेरी क्षेत्र के भांड गवार गांव में 15 वर्षीय पूजा गुर्जर पुत्री रामस्वरूप गुर्जर के बाल विवाह की सूचना मिली, जिस पर लाखेरी एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह नयाबरदा, तालेड़ा की कुमारी लक्ष्मी पुत्री रामपाल मील तथा दूल्हे हंसराज पुत्र प्रहलाद निवासी चांदा का तालाब के बाल विवाह की शिकायत भी मिली। डॉक्टरी मुआयना कराने पर लड़की की उम्र 18-19 और लड़के की 21 वर्ष पाई गई। वहीं, मोहनपुरा गांव में 20 अप्रैल को होने वाले माली समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में लक्ष्मी पुत्री राधाकिशन सैनी निवासी कैमला की उम्र 15-16 साल की बताते हुए शिकायत की गई। एसडीएम लाखेरी को जांच के निर्देश दिए गए। इसी तरह सैनी समाज के ही ओलासपुरा, दबलाना में 20 अप्रैल को होने वाले सम्मेलन में भी बड़ी संख्या में बाल विवाह को लेकर भी शिकायत आई। एक और शिकायत आई 16 वर्षीया लक्ष्मी पुत्री भंवरसिंह निवासी कालपुरिया की चोतरा का खेड़ा, केपाटन में बाल विवाह होने की आई है। इसकी जांच एसडीएम केपाटन को सौंपी गई है।