शनवारा-जय स्तंभ मार्ग पर 1 घंटा जाम, दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
शनवारा गेट से जय स्तंभ मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक घंटे तक वाहनों से जाम लगा रहा। जिसमें दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। दोपहर 1 बजे तक वाहन रेंगते हुए जाम से निकले। रोजाना दोपहर 12 बजे से ये स्थिति बन रही है। जिससे यातायात व्यवस्था फेल साबित हो रही है।
मंगलवार दोपहर 12 बजे शनवारा-जय स्तंभ मार्ग पर जाम की स्थिति बनी। सैकड़ों टेम्पो, ऑटो, कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक, साइकिल की कतार लगी लेकिन सुचारु करने के लिए यातायात का एक भी जवान नहीं आया। जबकि इसी रोड पर यातायात थाना संचालित है। लोग अपने-अपने हिसाब से जाम से निकलते रहे। दोपहर करीब 1 बजे तक वाहन रेंगते हुए निकले। शनवारा से जय स्तंभ तक नेशनलाइज बैंक, केला ग्रुप संचालित है। इस मार्ग के दोनों ओर रोजाना हजारों वाहन पार्क होते हैं। कई लोग रोड तक अपने वाहन खड़े कर चले जाते हैं। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव ज्यादा रहता है। रोड से जुड़ी आठ गलियों से भी वाहन निकलते हैं। यहां से तांगा या ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरने पर जाम की स्थिति बनती है। शाम को 4 से रात 8 बजे के बीच भी ये हालात बनते हैं। इससे निपटने के लिए पूरे मार्ग पर एक भी यातायात जवान तैनात नहीं रहता।
शनवार गेट से जय स्तंभ तक लगा जाम। यातायात पुलिस के अभाव में एक घंटे तक वाहन रेंगते हुए निकले।
ठेलों की जगह लगाया पार्किंग का बोर्ड, विक्रेता भड़के
पुराने जिला अस्पताल के पास रोड किनारे ठेला लगाकर बेच रहे थे कटलरी, रेडीमेड सामान
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
पुराने जिला अस्पताल के पास रोड किनारे ठेला लगाकर विक्रेता कटलरी, रेडीमेड कपड़े, नारियल सहित अन्य सामान विक्रय करने वालों की जगह यातायात सूबेदार ने वाहन पार्किंग का बोर्ड लगा दिया। जिस पर विक्रेता यातायात की कार्रवाई पर भड़क गए।
मंगलवार दोपहर 12 बजे विक्रेता नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां महापौर अनिल भोसले, निगमाध्यक्ष मनोज तारवाला से मुलाकात कर ठेले लगाने के लिए जगह की मांग की। आसिफ बैग, मुकेश सालवे और शेख शब्बीर ने कहा सामान बेचने अब हम कहां जाएं। दो दिन से रोजगार छिन गया है। सोमवार को यातायात सूबेदार हेमंत पाटीदार ने विक्रेताओं के ठेले पुराने अस्पताल के दोनों रोड किनारे से हटा दिए। जबकि हमें विक्रय के लिए निगम से लाइसेंस मिला है। जिसके बाद से हम रेडीमेड कपड़े, नारियल, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, चाट सहित अन्य सामान बेच रहे थे। सूबेदार ने अतिक्रमण बताकर ठेले हटवा दिए। उसकी जगह उन्होंने पार्किंग का बोर्ड लगा दिया है। सुबह से लोग कार और बाइक पार्क करने लगे हैं। इससे हमें ठेले लगाने के लिए जगह नहीं मिल रही। दो दिन से दो जून की रोटी के लाले पड़ गए हैं। महापौर, निगमाध्यक्ष ने ठेले लगवाने का आश्वासन दिया है।
विक्रेताओं ने नगर निगम पहुंचकर अफसरों को सूबेदार की शिकायत की।