13 साल के बालक को अगवा कर किया अप्राकृतिक कृत्य, आरोपी गिरफ्तार
मोमिनपुरा का युवक पावरलूम चलाने आता था हरीरपुरा, खेल रहे बालक पहले बहलाकर फिर धमकाकर ले गया
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
कक्षा सातवीं के बालक को शहर घुमाने के बहाने बाइक पर उतावली नदी क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ आप्रकृतिक कृत्य करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 377 (अप्रकृतिक कृत्य), 363 (अपहरण), 506 (जान से मारने की धमकी) सहित बालकों का संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मोमिनपुरा क्षेत्र में आरोपी सलीम पिता मुख्तार अहमद हरीरपुरा के एक कारखाने में पावरलूम चलाता है। इसी क्षेत्र में कक्षा सातवीं का एक बालक (13) को आरोपी सलीम ने 11 अप्रैल को बाइक पर बैठाकर शहर में घुमाने का लालच दिया। बालक आरोपी के साथ चला गया। आरोपी उसे उतावली नदी स्थित सूनसान जगह पर तेरापुरी दरगाह के पास ले गया। बालक को डरा धमकाकर अप्राकृतिक कृत्य कर जान से मारने की धमकी दी। डरा-सहमा बालक किसी तरह अपने घर पहुंचा। घटना के दूसरे दिन आरोपी सलीम ने कहा मेरे साथ चल नहीं तो तुझे जान से मार दूंगा और सबको बता दूंगा कि कैसा लड़का है। बालक आरोपी की धमकी से डर गया और फिर बाइक पर बैठकर उसी स्थान पर चला गया। बालक को उठने, बैठने और नित्य क्रिया के दौरान तकलीफ होने पर परिजन ने पूछा तो वह रोने लगा। कुछ देर तक समझाने पर उसने आरोपी सलीम का नाम बताया और पूरी घटना की जानकारी दी। रविवार शाम कोतवाली में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने सलीम को घर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी लखनसिंह बघेल ने बताया उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश करेंगे।
चार बच्चों का पिता है आरोपी- आरोपी सलीम के चार बच्चे हैं। तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी 12 साल की, दूसरी 9, 4 साल का बेटा और एक साल की बेटी है। हरीरपुरा क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने मांग की कि पावरलूम मजदूरों के चरित्र का सत्यापन होना चाहिए।
अप्राकृतिक कृत्य करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।