जाम में फंसी एसडीएम की गाड़ी, गार्ड ने उतरकर वाहनों को रोक निकाली
बुरहानपुर | सोमवार दोपहर 2.50 बजे जय स्तंभ चौराहा के पास बीच रोड पर सीवरेज लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से खुदाई के दौरान मार्ग संकरा होने से जाम की स्थिति बन गई। इसमें करीब 15 मिनट तक बुरहानपुर अनुविभागीय अधिकारी सोहन कनाश की कार फंस गई। यातायात सुचारु नहीं हुआ तो उनके गार्ड ने वाहन से उतरकर बाइक, ऑटो चालकों को रोकने का प्रयास किया लेकिन कोई भी रुकने को राजी नहीं हुआ। रोड किनारे खड़े वाहनों को एक ओर किया। उसके बाद कुछ जगह मिली लेकिन उसमें भी लोग वाहन लेकर घुस आए। किसी तरह दोनों ओर लोगों को रोककर उनकी गाड़ी निकाली। इसके बाद भी दिनभर यहां जाम की स्थिति बनती रही।