गड्ढे भरवाने का काम शुरू किया। महापौर अनिल भौसले जायजा लेने पहुंचे।
धूल से उठे विरोध के बाद न्यामतपुरा क्षेत्र में खुदे रोड का पूरा निर्माण करने के बजाय गड्ढे भरने में लगे कर्मचारी
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
अमृत योजना के तहत सीवरेज की पाइप लाइन बिछाने के बाद उड़ रही धूल से उठे विरोध को देखते हुए न्यामतपुरा क्षेत्र में निर्माण एजेंसी ने रोड निर्माण के बजाय खुदे गड्ढों को भरना शुरू कर दिया है। करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार को खुलेआम देखने पर भी विपक्ष में कांग्रेस खामोश बैठी हुई है। विरोध के नाम पर कांग्रेसी ज्ञापन देकर मामले को भूल गए हैं।
न्यामतपुरा क्षेत्र में पाइप बिछने के बाद से धूल के कारण व्यापारी परेशान थे। इसको लेकर उन्होंने कांग्रेस पार्षद व पूर्व सभापति गौरी शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारी और निगम में विपक्ष दल के नेताओं से संपर्क कर विरोध का आग्रह किया लेकिन इस पर कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया। शिकायत पर महापौर अनिल भोसले ने गड्ढे भरवाने शुरू कर दिए। रविवार से क्षेत्र में काम शुरू कर दिया गया। इसका महापौर ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। बस स्टैंड क्षेत्र, पोस्ट ऑफिस रोड पर हो रहे पैचवर्क का जायजा लेकर तेज गति से काम करने और पाइप डलवाने के बाद पैचवर्क की गुणवत्ता पर ध्यान देकर काम करने के निर्देश दिए। महाजनापेठ, शिकारपुरा सहित अन्य क्षेत्र में भी गड्ढे भरने का काम शुरू हो गया है। पार्षद शर्मा ने कहा- मैं शहर में नहीं हूं, इसलिए विरोध में क्षेत्रवासियों का सहयोग नहीं कर पाई। शहर लौटकर जरूर कांग्रेस पार्टी के साथ विरोध प्रदर्शन करेंगे, क्योंकि इससे मेरे डाकवाड़ी वार्ड के लोग भी परेशान हैं।