108 जननी एक्सप्रेस में कराया प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
जीजामाता चौराहा से रेणुका मंदिर तक एक किमी खुदे मार्ग पर 108 जननी एक्सप्रेस उछलने से ही महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
जिला अस्पताल के अंदर लेबर रूम तक जाने की हिम्मत नहीं हुई तो बुलाते ही बाहर दौड़ आई एक नर्स ने 108 जननी एक्सप्रेस में ही महिला का प्रसव किया और नवजात को अंदर ले जाकर भर्ती कर दिया। अब जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बड़गांवमाफी की कल्पना पति प्रकाश को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा होने लगी।
आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी पति नारायण 108 जननी एक्सप्रेस से उसे जिला अस्पताल लाए। शिकारपुरा थाना तक रोड अच्छा होने से प्रसूता को परेशानी नहीं हुई। जैसे ही जीजामाता चौराहा से खुदे मार्ग पर जननी एक्सप्रेस उतरी। प्रसूता को तकलीफ पहले से ज्यादा होने लगी। जननी एक्सप्रेस के आईएमटी विवेक कुमार काे स्थिति बताई। लेबर रूम जाकर नर्स संगीता सोलंकी को बुलाकर बाहर लाए। उन्होंने प्रसूता से उठने के लिए कहा लेकिन वो हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। नर्स ने वहीं संसाधन बुलाकर उसका एक्सप्रेस में प्रसव कराया। दोनों जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों स्वस्थ हैं।