शिकायत पर पहुंचा राजस्व, खनिज अमला, नपती किए बगैर ही लौट आया
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
मोहम्मदपुरा स्थित जीजामाता पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास कलेक्टर के बंगले के पास से गुजरात की भावना कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों ने जेसीबी से 20 हजार वर्गफीट से ज्यादा क्षेत्रफल से मुरम निकालकर शिकारपुरा से बिरोदा रोड निर्माण के लिए उपयोग कर रहे थे, जिसकी अवैध खनन की शिकायत पर राजस्व, खनिज अफसरों ने जेसीबी छोड़ तीन डंपर जब्त कर लिए।
शिकायत पर गुरुवार सुबह 10.30 बजे सिटी मजिस्ट्रेट श्यामेंद्र जायसवाल मौके पर पहुंचे। उनके साथ खनिज निरीक्षक सतीश नागले और शिकारपुरा थाना पुलिस भी आई। मौके पर जेसीबी से मुरम का खनन किया जा रहा था। हरियाणा पासिंग के तीन डंपर में डालकर परिवहन कर रहे थे। इसे मौके पर पकड़कर कर्मचारियों से पूछताछ करने पर उन्होंने कहा- पीडब्ल्यूडी से अनुमति मिली है। भावना कंस्ट्रक्शन रोड के लिए मुरम खुदवा रही है। इसके बाद अफसरों ने खुदे हुए क्षेत्र की नपती नहीं की। अफसरों ने कहा- पटियाला के चालक गुरुचरणसिंह से डंपर क्रमांक एचआर-37 डी-4909, फरीदाबाद के चालक सन्नीगिल पिता धरमसिंह से डंपर क्रमांक एचआर-37 डी4745, इस्मानाबाद के चालक शूकम ओमप्रकाश से डंपर क्रमांक एचआर- 37 डी3313 जब्त किया। जेसीबी के दस्तावेज लेकर डंपर को कलेक्टोरेट कार्यालय में खड़ा कर दिया। चालकों से परिवहन की अनुमति लाने को कहा। अफसरों ने कहा पीडब्ल्यूडी के ईई से जानकारी जुटाएंगे। यदि अनुमति उनकी ओर से नहीं दी मिली तो कलेक्टर न्यायालय में केस लगाएंगे। एक ओर अफसर कह रहे थे कि मिट्टी, मुरम यदि रोड के लिए ले जा रहे तो फ्री है, लेकिन फिर भी उसके खनन की अनुमति संबंधित विभाग के ईई से होना चाहिए।
मुरम खनन में डंपर जब्त कर जेसीबी को छोड़ दिया।