कटे-फटे होंठ के मरीजों का इंदौर में होगा मुफ्त ऑपरेशन
ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर में हृदय, कटे-फटे होंठ, तालू के 11-11, चार नि:तान को ऑपरेशन के लिए चुना
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
जिला अस्पताल में आयोजित दो दिनी स्वास्थ्य शिविर में इंदौर के तीन विशेषज्ञों ने हृदय, कटे-फटे होंठ, तालू के 11-11 और चार नि:संतान को ऑपरेशन के लिए चुना। इनका इंदौर के एक निजी अस्पताल में सरकारी योजना के तहत नि:शुल्क ऑपरेशन और इलाज किया जाएगा।
विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र तोमर ने कहा- 10 से 15 प्रतिशत नि:संतान लोगों को किसी न किसी कारण से इलाज की जरुरत पड़ती है। पुरुषों में शुक्राणु की कमी और महिला में ट्यूब्स बंद होने की शिकायत आती है। अधिक शराब पीने, बीड़ी, सिगरेट, गांजे का धूम्रपान करने और भोजन में पोषक तत्व नहीं मिलने से शुक्राणु कम होते हैं। पहले भी पुरुषों में ये समस्या थी। तब लोग सामने नहीं आते थे। अब जागरुकता बढ़ गई है। लोग इलाज कराने लगे हैं। शिविर में 67 दंपती आए। दवाई, इंजेक्शन से 15 का इलाज शुरू किया है। एक महिला की बच्चादानी का बिना टाका-चीरा के ऑपरेशन किया। चार महिलाओं को दो रविवार छोड़कर ऑपरेशन किया जाएगा। बाकी मरीजों को पोषक खान-पान की सलाह दी। मनीष गोखले व मनोज पटेल ने बताया डॉ. रविरंजन त्रिपाठी ने 22 हृदय रोगियों की जांच की। इसमें से गंभीर 11 को ऑपरेशन के लिए चुना। जिनका बाल हृदय रोग योजना में इलाज होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग स्वीकृति देगा। इसके लिए उनसे जरुरत दस्तावेज लिए है। डॉ. जयदीपसिंह चौहान ने कटे-फटे होंठ, तालू के 16 मरीज की जांच की। 11 को सर्जरी के लिए चुना है। इसमें से दो को इंदौर भेज दिया है। डॉ. प्रमोद नेमा ने हड्डी रोगियों का इलाज किया। इसमें अधिकांश के हाथ और पैर सीधे किए गए।
डॉक्टर ने पूछताछ कर इलाज के लिए सलाह दी।