थमा भोंपू का शोर, आज घर-घर पहुंचेंगे उम्मीदवार, 16 को वोटिंग
नगर परिषद के चुनाव को लेकर शहर में पिछले करीब दस दिनों चल रहे प्रत्याशियों का प्रचार अभियान शनिवार की अपराह्न 3 बजे के बाद थम गया। रविवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर कैंपेन चलाएंगे। 16 को मतदान होगा। मतदान की उलटी गिनती शुरू हो गई। अब मतदान को 48 घंटे ही शेष बचे हैं। चुनाव प्रचार थमते ही किसी प्रत्याशियों ने शाम में मंदिरों में मत्था टेका तो किसी ने अपने परिवार के साथ शाम बितायी। वहीं कुछ प्रत्याशी चुनाव प्रचार थमते ही अपने बूथ एजेंटों से तैयारियों की स्थिति जानने में मशगूल हो गए। सुबह जैसे ही घड़ी ने 8 बजायी, नप चुनाव में भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रत्याशियों ने प्रचार गाड़ियों व अपने समर्थक के साथ मुख्य सड़कों पर जुलूस निकाला।
चाईबासा
नगर परिषद चुनाव
पोस्टऑफिस चौक के पास लगा रहा जाम
जुलूस को लेकर शहर की सभी सड़कें दिन-भर अस्त-व्यस्त रही। इससे कहीं-कहीं जाम की स्थिति भी बन गयी थी। इसी क्रम में पोस्ट ऑफिस चौक के पास एक निर्दलीय प्रत्याशी द्वारा निकाले जा रहे जुलूस की वजह से सड़क जाम होने पर मुख्यालय डीएसपी ने समर्थकों को फटकार लगायी। साथ ही सड़क को खाली कराया। कमोबेश यही हाल वार्डों की गलियों की भी रही। इस दौरान एक वार्ड में प्रत्याशी के निर्विरोध होने के कारण 20 वार्डों में ही वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने प्रचार किया। कई टोलियों में बंटे प्रत्याशियों के समर्थकों ने वोट मांगे।