मुखियाओं ने समिति के गठन का किया विरोध
चाईबासा| झींकपानी प्रखंड व टोंटो प्रखंड के मुखियाओं की उपस्थिति में शनिवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कैलेंन्डे पंचायत की मुखिया सरिता अल्डा ने की। बैठक मे पंचायतों के ग्राम स्तर पर सरकार द्वारा विकास समिति व आदिवासी विकास समिति का गठन करने का आदेश का कड़ा विरोध किया गया। कहा गया कि पंचायती राज व्यवस्था के तहत ग्राम विकास हेतु पंचायत जनप्रतिनिधियों का चुनाव किया गया है। इसमें ग्राम के विकास के लिए मुखिया को अध्यक्ष पद प्राप्त है। लेकिन फिर भी गलत तरीके से सरकार समिति गठन कराकर मुखियाओं का अधिकार छीनना चाह रही है। सरकार हम मुखियाओं के अधिकारों का हनन कर रही है। यह उचित नहीं है सरकार इस तरह का समिति गठन कर ग्रामीणों को बहकाने का काम कर रही है। मुखियाओं के द्वारा किए जा रहे विकास कार्य में बाधा डाल रही है। मौके पर कोंदवा पंचायत की मुखिया लक्ष्मी हेस्सा, जोड़ापोखर की मुखिया मेंजारी मुंडा, टूटूगुटू की मुखिया दसमती देवगम, केजरा पंचायत की मुखिया मालती हेस्सा आदि मौजूद थे।