पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अब यूनिवर्सिटी और कॉलेज की वेबसाइट से ही विद्यार्थियों को मिलेगी प्रतिदिन की जानकारी

अब यूनिवर्सिटी और कॉलेज की वेबसाइट से ही विद्यार्थियों को मिलेगी प्रतिदिन की जानकारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डिजिटल इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए यूजीसी की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार अब कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) और उसके अंगीभूत व एफिलिएटेड कॉलेजों में हर दिन वेबसाइट को अपडेट किया जाएगा। इसमें कालेज में होने वाले आयोजन के साथ परीक्षा, क्लास तक की जानकारी उपलब्ध रहेगी। यूनिवर्सिटी कॉलेज के साइट को हर दिन अपडेट नहीं करने पर यूजीसी यूनिवर्सिटी, कॉलेज के फंड में कटौती करेगा। साथ ही सभी यूनिवर्सिटी को वेब कमेटी बनाने का भी निर्देश दिया गया है। कमेटी के चेयरमैन का नंबर भी साइट पर मौजूद रहेगा, जिससे किसी तरह की कंफ्यूजन होने पर विद्यार्थी सीधे संपर्क कर सकते हैं। डिजिटल अभियान के तहत ही एमएचआरडी के निर्देश पर पेपरलेस यूनिवर्सिटी व कॉलेज बनाने की पहल चल रही है। वहीं नए सत्र से एडमिशन से लेकर परीक्षा तक की सभी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिए चांसलर पोर्टल बनाया गया है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए वेबसाइट को अपडेट करने और यूनिवर्सिटी, कॉलेज कैंपस को पूरी तरह वाईफाई से लैस करने का निर्देश है। आने वाले समय में क्लास की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी और क्लास समाप्त होने के साथ ही उसे वेबसाइट पर डालने की योजना है। इससे स्टूडेंट्स सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहकर भी जेएनयू में किस टॉपिक पर क्या और कैसे लेक्चर हुआ देख व सुन सकेंगे। वहीं योजना को शत-प्रतिशत लागू करने में कंप्यूटर के अलावा जिन चीजों की जरूरत है, उसका प्रस्ताव यूनिवर्सिटी की ओर से अंगीभूत कॉलेजों से मांगा गया है।

क्वालिटी एजुकेशन के लिए टेक्नो फ्रेंडली होना होगा। इसके लिए यूजीसी, एमएचआरडी के एक्सपर्ट द्वारा महत्वाकांक्षी योजना बनाई गई है। उसे स्टेप वाइज लागू करने का निर्देश दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि उसे लागू कर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को पूरा करने में सहयोग करें। इसी उद्देश्य से यूनिवर्सिटी में वेब कमेटी बनाने के साथ सभी कॉलेजों को वेब कमेटी बनाकर इसे हर दिन अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए कॉलेजों को जो संसाधन चाहिए उसका भी प्रस्ताव मांगा गया है ताकि लागू करने में किसी तरह की परेशानी न हो। डॉ. शुक्ला मोहंती, वीसी, केयू

खबरें और भी हैं...