- Hindi News
- National
- बड़े नोट बाजार से गायब, जिले की 60% एटीएम में नो कैश, शहर की 22 में 10 एटीएम में लटके रहे ताले
बड़े नोट बाजार से गायब, जिले की 60% एटीएम में नो कैश, शहर की 22 में 10 एटीएम में लटके रहे ताले
पश्चिमी सिंहभूम के ज्यादातर बैंकों में 2000 व 500 के बड़े नोटों की कमी हो गई है। इसका सीधा असर यहां के विभिन्न बैंकों की एटीएम पर दिख रहा है। दैनिक भास्कर की टीम ने पड़ताल की ताो पता चला कि एटीएम से सिर्फ छोटे नोट ही निकल रहे हैं। जिन बैंकों में रुपए उपलब्ध हैं, वहां 100 व 200 के नोट हैं। जिले में विभिन्न बैंकों की 127 शाखाएं व कुल 107 एटीएम हैं। रुपए की कमी कारण जिले के करीब 60 फीसदी बैंकों के एटीएम नोट नहीं उगल रहे हैं। पिछले दो दिनों से ज्यादातर एटीएम में रुपए नहीं रहने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जिन बैंकों के पास रुपए उपलब्ध हैं, एटीएम में भरते ही दो से तीन घंटे में खाली हो जा रही है। एटीएम से पैसे नहीं निकलने के कारण लोगों को जरूरी खरीदारी करने में मुश्किल हो रही है। अक्षय तृतीया के दिन भी जरूरी सामानों की खरीदारी में दिक्कत हो सकती है।
जिले में विभिन्न बैंकों की 127 शाखाएं हैं और कुल 107 एटीएम
चाईबासा
इन बैंकों की एटीएम में नो कैश - नोटों की कमी के कारण जिन बैंकों की एटीएम से पैसे नहीं मिल रहे थे, उनमें एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक, यूको बैंक, आईसीआईसी बैंक, पीएनबी, विजया बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा।
ढाई घंटे में ही पैसे खत्म
सोमवार को भी शहर के 22 में 10 एटीएम में नो कैश का बोर्ड लगा रहा। हालांकि ज्यादातर एटीएम के शटर खुले थे, लेकिन उनसे पैसे नहीं निकल पा रहे थे। वहीं आईडीबीआई बैंक की एटीएम में भी रुपए नहीं थे। लिहाजा सुबह करीब 9 बजे ही इस एटीएम में पैसे डाल दिए गए, लेकिन पूरे पैसे ढाई घंटे में ही खत्म हो गए।
एसबीआई की एटीएम में घंटों कतार में लगे रहे लोग
लोगों को जैसे ही पता चला कि पोस्ट ऑफिस चौक के दुर्गामंदिर के पास एसबीआई की एटीएम से पैसे मिल रहे हैं, लंबी कतार लग गई। इसके बाद अपने पैसों निकासी करने के लिए उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा। एटीएम के पैसे नहीं उगलने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्र में है।
चक्रधरपुर
नोटबंदी जैसी स्थिति
वर्तमान में नोट बंदी जैसी स्थिति बन गई है। लोगों को ने तो बैंक में कैश मिल रहा है और न ही एटीएम में ही पैसा मिल रहा है। जिस एटीएम में कैश है उसमें लंबी कतार लगी है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति तो नोट बंदी से भी खराब है। 20 अप्रैल से पहले कैश आने की उम्मीद भी नहीं है। शनिवार और रविवार को बैंकों की छुट्टी है।
क्यों हो रही समस्या
एटीएम में डाले जा रहे सिर्फ 100-200 के नोट
फिलहाल पांच सौ रुपए के नोट का कॉन्फिग्रेशन एटीएम में है। लेकिन, पांच सौ रुपए का नोट उपलब्ध ही नहीं है। ऐसे में सौ और दो सौ के नोट एटीएम में डाले जा रहे हैं। छोटे नोट डालने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। साथ ही ट्रांजेक्शन चार्ज का भी बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। एटीएम में रुपए डालने वाली एजेंसी को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई एटीएम काउंटर के बाहर नो कैश का नोटिस भी लगा दिया गया है। बैंक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दो हजार रुपए के नोट मार्केट में ब्लॉक हैं। आरबीआई से बड़े नोटों की आपूर्ति भी बंद है। आरबीआई ने एटीएम के लिए दो हजार रुपए के नोट जारी करने बंद कर दिए हैं।
चक्रधरपुर में 20 एटीएम, सिर्फ 4 से निकल रहे थे पैसे
चक्रधरपुर| मंगलवार को शहर के विभिन्न बैंकों की 20 एटीएम में सिर्फ 4 एटीएम से पैसे निकले। ज्यादातर में नो कैश का बोर्ड लगा रहा। कई एटीएम में ताले लटके रहे। वहीं जो एटीएम पैसे उगल रहे थे वहां चार हजार से ज्यादा रकम नहीं निकला। सुबह को स्टेट बैंक की एक एटीएम चालू रही। जिस पर लंबी कतार लोगों को लगी रही। शाम होते-होते ये एटीएम भी बंद हो गयी। शाम के वक्त महेंद्र सिंह पेट्रोल पंप स्थित आइसीआइसीआई की एटीएम खुली। यहां पर भी लोगों की लंबी कतार लगी रही। अक्सर स्टेट बैंक की एटीएम में पैसे खत्म नहीं होते हैं लेकिन मंगलवार को चारों एटीएम स्टेट बैंक के फेल रहे। रेलवे इलाके के एक भी एटीएम नहीं चल रही है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।