20 अप्रैल को 42 टेबल पर सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतों की गिनती
नगर परिषद चुनाव में वोटिंग के बाद अब विभिन्न दलों के कार्यकर्ता व प्रत्याशी जीत-हार आंकड़े में व्यस्त हो गए हैं। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी त्रिकोणीय मुकाबले में फंसा है। वैसे तो इस मुकाबले का फैसला 20 अप्रैल को होगा, लेकिन अभी से ही जीत हार को लेकर सट्टे का बाजार गर्म है। लोग अपने समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा भी कर रहे हैं। इसके लिए ऐसे लोग कहीं 1 का 4 तो कहीं 1 का 10 भाव देने को तैयार हैं। सबसे ज्यादा सट्टा अध्यक्ष पद को लेकर लग रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रत्याशी व उनके समर्थक 20 अप्रैल को होने वाले मतगणना की तैयारी में भी जुट गए हैं। महिला कॉलेज में तीन कमरों में होने वाली वोटों की गिनती के लिए प्रत्याशियों द्वारा काउंटिंग एजेंट को तैयार किया जा रहा है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के अलावा पार्षद पद के मतों की गिनती के लिए 14 राउंड में की जाएगी।
हर टेबल पर 2-2 मतगणना कर्मी तैनात रहेंगे
हर टेबल पर 2-2 मतगणना कर्मी वोटों की गिनती करेंगे। मतगणना का काम सुबह 8 बजे से शुरू किया जाएगा और करीब डेढ़ घंटे में ही इसे पूरा भी कर लिया जाएगा, यानि मतगणना शुरू होने के डेढ़ घंटे बाद ही परिणाम सामने आ जाएगा। ऐसे में दोपहर तक प्रत्याशियों के बीच हार- जीत का फैसला हो जाएगा।
मतगणना कर्मियों को आज मिलेगी स्पेशल ट्रेनिंग
मतगणना से दो दिन पहले 18 अप्रैल को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अरवा राजकमल कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे से आहूत इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मतगणनाकर्मियों को काउंटिंग के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही वोटों की गिनती के क्रम में किसी काउंटिंग एजेंट द्वारा किए जाने आपत्ति का निपटारा करने की जानकारी भी दी जाएगी।